गांव-गरीब-युवा पर केंद्रित है केंद्रीय बजट, देश को देगा नई दिशा : दीपक सिंह
- Post By Admin on Feb 01 2026
लखीसराय : केंद्रीय बजट 2026-27 को आम जनता तक पहुंचाने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे ‘बजट प्रसार अभियान 2026’ के तहत रविवार को भाजपा लखीसराय विधानसभा प्रधान कार्यालय में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से टीवी के माध्यम से वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के बजट भाषण का सजीव प्रसारण सुना।
कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक कुमार सिंह ने किया। उन्होंने बजट की सराहना करते हुए कहा कि यह केवल आंकड़ों का दस्तावेज नहीं, बल्कि गांव, गरीब और आम नागरिक के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने की एक ठोस कार्ययोजना है। उन्होंने कहा कि बजट प्रसार अभियान के माध्यम से जिले के सभी मंडलों में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि बजट की वास्तविक भावना जनता तक पहुंचे।
जिला महामंत्री सनोज साहू ने कहा कि केंद्रीय बजट 2026-27 विकसित भारत के संकल्प को साकार करने वाला है। इसमें गरीब, किसान, महिला, युवा और मध्यम वर्ग सभी के हितों का ध्यान रखा गया है। उन्होंने विशेष रूप से इंफ्रास्ट्रक्चर, रोजगार सृजन और ईज ऑफ लिविंग पर दिए गए फोकस को देश की अर्थव्यवस्था के लिए नई ऊर्जा देने वाला बताया।
जिला मीडिया प्रभारी अजय कुशवाहा ने कहा कि यह बजट गांव और खेती को मजबूत करने वाला है। सड़क, बिजली, पानी और रोजगार के लिए किए गए बड़े निवेश से हर वर्ग को लाभ मिलेगा और विकास की रफ्तार तेज होगी।
कार्यक्रम में नगर अध्यक्ष मुकुल सिंह, जिला महामंत्री राजेश कुमार और प्रमोद कुशवाहा, जिला संयोजक (सांस्कृतिक कला मंच) मंटू नटराज, जिला मंत्री हिमांशु पटेल, कश्यप गौरी शंकर, मनीष चौरसिया, रूपेश कुमार बंटी समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों को घर-घर तक पहुंचाने का संकल्प लिया।