माउंट लिटरा ज़ी स्कूल का वार्षिक समारोह, बच्चों ने सामाजिक मूल्यों और पर्यावरण का दिया संदेश

  • Post By Admin on Feb 01 2026
माउंट लिटरा ज़ी स्कूल का वार्षिक समारोह, बच्चों ने सामाजिक मूल्यों और पर्यावरण का दिया संदेश

लखीसराय : माउंट लिटरा ज़ी स्कूल, लखीसराय परिसर में वार्षिक समारोह का भव्य एवं सफल आयोजन किया गया, जिसमें जिले के न्यायिक, प्रशासनिक और सामाजिक क्षेत्र के कई गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। समारोह ने न केवल शैक्षणिक उपलब्धियों का उत्सव मनाया, बल्कि बच्चों के माध्यम से सामाजिक और नैतिक मूल्यों का भी प्रभावशाली संदेश दिया।

कार्यक्रम में जिला जज श्री अजय कुमार शर्मा, फैमिली जज श्री पवन कुमार झा, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री दिव्यप्रकाश श्रीवास्तव, सब जज श्री रंजीत कुमार, जिलाधिकारी श्री मिथिलेश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक श्री अवधेश दीक्षित, अनुमंडल पदाधिकारी श्री प्रभाकर कुमार, डॉ. प्रवीण कुमार सिन्हा, डॉ. कुमार अमित, श्री राजेन्द्र सिंघानिया सहित अनेक विशिष्ट अतिथि, अभिभावक एवं समाज के प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।

समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद विद्यालय के विभिन्न कक्षाओं के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिन्होंने उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

इस वर्ष के समारोह की मुख्य थीम “परिवार” रखी गई थी। छात्रों ने अपने नाट्य, नृत्य और गीत प्रस्तुतियों के माध्यम से परिवार के महत्व को बेहद भावनात्मक और प्रभावशाली ढंग से दर्शाया। कार्यक्रमों के जरिए बच्चों ने यह संदेश दिया कि दादा-दादी, माता-पिता, भाई-बहन और रिश्तेदार सभी मिलकर जीवन को संपूर्ण बनाते हैं और पारिवारिक संस्कार समाज की मजबूत नींव होते हैं।

इसके साथ ही “पर्यावरण संरक्षण (पेड़ बचाओ)” और “भूख और मानवता” जैसे सामाजिक विषयों पर आधारित प्रस्तुतियों ने समाज के प्रति जागरूकता का संदेश दिया और दर्शकों को सोचने पर मजबूर किया।

विद्यालय के चेयरमैन श्री संजीव स्नेही एवं वाइस चेयरमैन श्री रंजन स्नेही ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों के सर्वांगीण विकास, आत्मविश्वास और नैतिक मूल्यों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की सचिव श्रीमती विजेता स्नेही ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत कर सभी अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। समारोह के समापन पर अतिथियों और अभिभावकों ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए विद्यालय के प्रयास को प्रेरणादायक बताया।