भारत स्वाभिमान न्यास की मासिक बैठक में सात दिवसीय योग शिविरों का खाका तैयार
- Post By Admin on Feb 01 2026
लखीसराय : भारत स्वाभिमान न्यास, लखीसराय की मासिक बैठक रविवार को भारत स्वाभिमान कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में फरवरी माह में प्रस्तावित सात दिवसीय योग शिविरों के आयोजन को लेकर व्यापक चर्चा की गई और विभिन्न स्थानों के चयन पर अंतिम सहमति बनी।
बैठक में निर्णय लिया गया कि जिले के चानन, सूर्यगढ़ा, रामगढ़, लखीसराय, हलसी, बड़हिया और पिपरिया प्रखंडों में अलग-अलग स्थानों पर योग शिविर लगाए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोगों को योग से जोड़ा जा सके। कार्यकारिणी सदस्यों ने इस प्रस्ताव को सर्वसम्मति से स्वीकार करते हुए प्रत्येक प्रखंड के हर गांव में कम से कम एक योग शिक्षक तैयार करने का लक्ष्य भी निर्धारित किया।
बैठक में योग के माध्यम से जन-जन तक स्वास्थ्य जागरूकता फैलाने और जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों को दूर करने पर जोर दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि योग शिविरों के माध्यम से लोगों को नियमित योग अभ्यास के लिए प्रेरित किया जाएगा और युवाओं को योग शिक्षक के रूप में प्रशिक्षित कर आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी कार्य किया जाएगा।
इस बैठक में राज्य कार्यकारिणी सदस्य अरविंद भारती, जिला प्रभारी नाथ अमिताभ, जिला सह प्रभारी ज्वाला, किसान प्रकोष्ठ प्रभारी आनंदी मंडल, विभीषण, रंजीत अरुण सहित कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर शिविरों को सफल बनाने के लिए समन्वय के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।