युवा चेतना के प्रतीक स्वामी विवेकानंद को विद्यालय परिवार ने श्रद्धापूर्वक किया नमन

  • Post By Admin on Jan 12 2026
युवा चेतना के प्रतीक स्वामी विवेकानंद को विद्यालय परिवार ने श्रद्धापूर्वक किया नमन

लखीसराय : +2 परियोजना बालिका उच्च विद्यालय, सूर्यगढ़ा में सोमवार को स्वामी विवेकानंद की जयंती हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाई गई। स्वामी विवेकानंद के जन्मदिवस को राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में मनाया जाता है, जिसे विद्यालय परिवार ने पूरे उत्साह के साथ मनाया।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि स्वामी विवेकानंद का वेदांत दर्शन और उनके विचार आज के वर्तमान परिवेश में अत्यंत प्रासंगिक हैं। उन्होंने सनातन धर्म, विज्ञान, शिक्षा और साहित्य को अंतरराष्ट्रीय पटल पर विशिष्ट पहचान दिलाई, जिससे वे समस्त भारतवासियों के हृदय में आज भी जीवंत हैं।

कार्यक्रम में भाषा शिक्षक प्रेमरंजन कुमार ने स्वामी विवेकानंद के व्यक्तित्व, कृतित्व और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर प्रकाश डालते हुए छात्राओं को उनके आदर्शों से अवगत कराया। उन्होंने युवाओं से स्वामी विवेकानंद के विचारों को अपने जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया।

जयंती के अवसर पर छात्रा सादिया नाज, अर्चना कुमारी सहित अन्य छात्राओं ने स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए। कार्यक्रम में विद्यालय परिवार की सामूहिक सहभागिता देखने को मिली, जिससे पूरा वातावरण प्रेरणादायी बन गया।