बाढ़ को लेकर अलर्ट मोड में प्रशासन, डीएम ने की तैयारियों की समीक्षा
- Post By Admin on Apr 22 2026
लखीसराय : संभावित आपदाओं, विशेषकर बाढ़ की स्थिति से निपटने को लेकर जिला प्रशासन सतर्क हो गया है। बुधवार को जिला पदाधिकारी श्री नीरज कुमार की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में आपदा प्रबंधन से संबंधित महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिला पदाधिकारी ने सभी विभागों को आपदा पूर्व तैयारियों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की पहचान कर वहां आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाए।
समीक्षा के दौरान तटबंधों की सुरक्षा, नावों की उपलब्धता, राहत सामग्री का भंडारण, सामुदायिक रसोई की व्यवस्था और संचार प्रणाली को मजबूत करने जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। डीएम ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
इसके अलावा जिला आपातकालीन संचालन केंद्र (डीईओसी) को 24×7 सक्रिय रखने, आवश्यक उपकरणों एवं मानव संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा नियंत्रण कक्ष को पूरी तरह सुसज्जित रखने पर जोर दिया गया। उन्होंने कहा कि सूचना तंत्र को मजबूत कर आम जनता तक समय पर सही जानकारी पहुंचाना जरूरी है।
जिला पदाधिकारी ने प्रशिक्षित स्वयंसेवकों, गोताखोरों और मोटरबोट चालकों की सूची अद्यतन रखने तथा राहत एवं बचाव कार्यों के लिए खाद्यान्न, पेयजल और दवाओं की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने सभी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण कर तैयारियों की प्रगति की निगरानी करने और किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने को कहा। डीएम ने स्पष्ट किया कि समन्वित प्रयासों और तत्परता से ही आपदा के समय जन-धन की क्षति को कम किया जा सकता है।
बैठक में प्रभारी पदाधिकारी आपदा प्रबंधन श्री शशि कुमार, भूमि सुधार उप समाहर्ता श्री राहुल कुमार, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।