नारी सम्मान के समर्थन में लखीसराय में भाजपा युवा मोर्चा का जन आक्रोश प्रदर्शन

  • Post By Admin on Apr 22 2026
नारी सम्मान के समर्थन में लखीसराय में भाजपा युवा मोर्चा का जन आक्रोश प्रदर्शन

लखीसराय : भारतीय जनता युवा मोर्चा (बीजेवाईएम), लखीसराय के तत्वावधान में बुधवार को आर. लाल कॉलेज मैदान में ‘जन आक्रोश महिला सम्मेलन एवं प्रदर्शन’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सिंह की उपस्थिति रही, जबकि इसका नेतृत्व युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष हर्ष अभिषेक उर्फ सोनू चंद्रवंशी ने किया। बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और युवाओं की भागीदारी से कार्यक्रम उत्साहपूर्ण रहा।

सभा को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष दीपक सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी नारी शक्ति के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए हमेशा प्रतिबद्ध रही है। उन्होंने नारी शक्ति वंदन अधिनियम और 33 प्रतिशत महिला आरक्षण को देश के विकास के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया।

वहीं, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष हर्ष अभिषेक उर्फ सोनू चंद्रवंशी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि महिला आरक्षण को लेकर उनका रुख उनके वास्तविक चरित्र को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि “नारी सम्मान, राष्ट्र का अभिमान है और इसके साथ किसी प्रकार का समझौता स्वीकार्य नहीं है।”

इस अवसर पर भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष आशा पासवान ने कहा कि नारी शक्ति समाज की आधारशिला होने के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण की प्रमुख ताकत है। उन्होंने महिलाओं के अधिकारों की रक्षा और सशक्तिकरण के लिए सभी वर्गों से आगे आने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने नारी सम्मान के समर्थन में नारेबाजी की और जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। आयोजन शांतिपूर्ण और अनुशासित माहौल में संपन्न हुआ।

इस मौके पर कार्यक्रम प्रभारी श्रवण कुमार, भाजपा जिला महामंत्री प्रमोद कुशवाहा, युवा जिला महामंत्री विशाल कुमार, पंकज महतो, ओबीसी मोर्चा जिलाध्यक्ष विकास आनंद, सुधीर कुमार, शंभू कुमार और गौरव कुमार सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। अंत में सोनू चंद्रवंशी ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।