बंगाल चुनाव : दोपहर 1 बजे तक 62 प्रतिशत से ज्यादा वोटिंग, छिटपुट हिंसा की घटनाएं
- Post By Admin on Apr 23 2026
कोलकाता : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के पहले चरण के तहत गुरुवार को 16 जिलों की 152 सीटों पर मतदान जारी है। इस चरण में कुल 1,478 उम्मीदवार मैदान में हैं, जबकि करीब 3 करोड़ 60 लाख मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं।
निर्वाचन आयोग द्वारा 44 हजार से अधिक मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं, जिनमें से 7,384 केंद्रों को अति संवेदनशील घोषित किया गया है। कुल 44,376 बूथों पर मतदान हो रहा है, जिसमें लगभग 3,000 सहायक बूथ शामिल हैं। खास बात यह है कि 5,444 बूथों का संचालन महिला कर्मियों द्वारा किया जा रहा है, जबकि 207 मॉडल बूथ भी बनाए गए हैं।
दोपहर 1 बजे तक 62.18 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जो भारी भागीदारी का संकेत देता है। हालांकि, कुछ स्थानों से छिटपुट हिंसा और झड़प की खबरें भी सामने आई हैं।
कुमारगंज में भाजपा उम्मीदवार शुभेंदु सरकार पर हमले का आरोप लगा है, जिसमें उनकी गाड़ी को नुकसान पहुंचाया गया। वहीं, मुर्शिदाबाद के नौदा क्षेत्र में भी आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। स्थानीय नेताओं ने एक-दूसरे पर धमकी और गड़बड़ी फैलाने के आरोप लगाए हैं।
इस बीच, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चुनावी रैली में तृणमूल कांग्रेस पर निशाना साधते हुए सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राज्य में विकास के कई वादे अधूरे रह गए हैं। वहीं, उन्होंने पहले चरण के मतदान में अपेक्षाकृत कम हिंसा होने पर चुनाव आयोग की सराहना भी की। वहीं, कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने मतदान प्रक्रिया को संतोषजनक बताते हुए कहा कि केंद्रीय बल अच्छा काम कर रहे हैं।
गौरतलब है कि इस चुनाव में मुख्य मुकाबला सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस और भाजपा के बीच माना जा रहा है। दूसरे चरण का मतदान अगले सप्ताह निर्धारित है।