13 अगस्त तक 4,576 नए राशन कार्ड बनाने का लक्ष्य, प्रशासन ने तेज किए प्रयास

  • Post By Admin on Jul 14 2026
13 अगस्त तक 4,576 नए राशन कार्ड बनाने का लक्ष्य, प्रशासन ने तेज किए प्रयास

लखीसराय : जिले में नए राशन कार्ड निर्माण अभियान को गति देने के उद्देश्य से मंगलवार को सभी प्रखंडों के जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) विक्रेताओं के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक मुख्य सचिव द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से दिए गए निर्देशों तथा जिला पदाधिकारी के आदेश के आलोक में आयोजित की गई।

लखीसराय, पिपरिया, बड़हिया, रामगढ़ चौक एवं हलसी प्रखंड के पीडीएस विक्रेताओं की बैठक अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार की अध्यक्षता में अनुमंडल कार्यालय सभागार में हुई। वहीं सूर्यगढ़ा और चानन प्रखंड के विक्रेताओं के साथ संबंधित प्रखंड मुख्यालयों में बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी पीडीएस विक्रेताओं को निर्देश दिया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्र में ऐसे पात्र परिवारों की पहचान करें, जिनका राशन कार्ड अब तक नहीं बन पाया है। साथ ही, उन्हें आवेदन प्रक्रिया पूरी कराने में हरसंभव सहयोग प्रदान करने को कहा गया।

राशन कार्ड आवेदन के लिए आवश्यक दस्तावेजों में प्रपत्र ‘क’ (आवेदन पत्र), आय प्रमाण पत्र, आवासीय प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, परिवार के सभी सदस्यों का आधार कार्ड, सक्रिय मोबाइल नंबर, परिवार का सामूहिक फोटो तथा बैंक खाते का विवरण शामिल है।जिला प्रशासन ने बताया कि 13 अगस्त 2026 तक जिले में कुल 4,576 नए राशन कार्ड बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। लक्ष्य को समय पर पूरा करने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी राहुल कुमार, सहायक जिला आपूर्ति पदाधिकारी अतुल कुमार, सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी तथा जन वितरण प्रणाली के विक्रेता उपस्थित रहे।