बाल श्रम पर प्रशासन का सख्त एक्शन, तीन बच्चों को कराया गया मुक्त
- Post By Admin on Jul 14 2026
लखीसराय : जिला पदाधिकारी के निर्देश पर "नया सवेरा अभियान-3.0" के तहत जिले में बाल श्रम के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। श्रम अधीक्षक कार्यालय की टीम ने विभिन्न चौक-चौराहों और प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर तीन बाल श्रमिकों को मुक्त कराया। सभी बच्चों की उम्र 14 वर्ष से कम बताई गई है।
अभियान के दौरान लखीसराय प्रखंड स्थित रामवरण राय फ्रूट एंड वेजिटेबल सेंटर (पचना रोड) तथा बाल भोग स्वीट्स एंड रेस्टोरेंट (विद्यापीठ चौक) से तीन नाबालिग बच्चों को बाल श्रम से मुक्त कराया गया। श्रम अधीक्षक संजय कुमार चौधरी ने बताया कि बाल एवं किशोर श्रम (प्रतिषेध एवं विनियमन) अधिनियम, 1986 (संशोधित 2016) के तहत बच्चों से काम कराने वाले नियोजकों के खिलाफ संबंधित थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। उन्होंने कहा कि जिले के अन्य क्षेत्रों में भी यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
मुक्त कराए गए प्रत्येक बाल श्रमिक को तत्काल राहत के रूप में 3,000 रुपए की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही मुख्यमंत्री राहत कोष के तहत 25,000 रुपए की एफडी उनके नाम से कराई जाएगी, जो 18 वर्ष की आयु पूरी होने पर परिपक्व होगी। इसके अतिरिक्त 5,000 रुपए पुनर्वास सह-कल्याण कोष में जमा किए जाएंगे। अभियान में श्रम अधीक्षक संजय कुमार चौधरी, पुलिस उपाधीक्षक (साइबर), श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी अरुण कुमार, आशीष कुमार, रामजीवन कुमार, अभिषेक रावत तथा बाल संरक्षण इकाई के अधिकारी शामिल रहे।