लखीसराय : दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने और उनके पुनर्वास को सशक्त करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा गुरुवार को विशेष कृत्रिम अंग (हाथ/पैर) मापन एवं वितरण शिविर का आयोजन किया गया। समाहरणालय परिसर स्थित गांधी मैदान के खेल भवन में आयोजित इस शिविर का विधिवत उद्घाटन जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र ने दीप प्रज्वलित कर किया।
उद्घाटन समारोह में सहायक निदेशक, दिव्यांगजन सशक्तिकरण कोषांग वंदना पाण्डेय, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार सहित अन्य अतिथियों का पारंपरिक रूप से शॉल भेंट कर स्वागत किया गया।
अपने संबोधन में जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र ने कहा कि दिव्यांगजन समाज का अभिन्न हिस्सा हैं और उनके सशक्तिकरण के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि इस तरह के शिविरों के माध्यम से जरूरतमंद दिव्यांगजनों को निःशुल्क कृत्रिम अंग उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि वे दैनिक जीवन के कार्यों को सहजता से कर सकें और समाज की मुख्यधारा से जुड़ सकें।
शिविर में विशेषज्ञ तकनीकी एवं मेडिकल टीम द्वारा दिव्यांगजनों के हाथ और पैर का सटीक माप लिया गया, जिसके आधार पर उनके लिए उपयुक्त कृत्रिम अंग तैयार किए जाएंगे। लाभार्थियों को कृत्रिम अंगों के उपयोग, फिटिंग और देखभाल से जुड़ी आवश्यक जानकारी भी दी गई। यह पूरी प्रक्रिया पूरी तरह निःशुल्क रखी गई है, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर दिव्यांगजनों को भी लाभ मिल सके।
सहायक निदेशक वंदना पाण्डेय ने बताया कि शिविर में भाग लेने के लिए दिव्यांगजनों का पंजीकरण किया गया है, जिसमें आधार कार्ड, दिव्यांगता प्रमाण पत्र और फोटो अनिवार्य रखा गया है। जिले के सभी प्रखंडों, पंचायतों और शहरी क्षेत्रों से बड़ी संख्या में दिव्यांगजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र और पुलिस अधीक्षक अजय कुमार द्वारा दिव्यांगजनों के बीच कंबल का वितरण भी किया गया। कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। जिला प्रशासन ने भविष्य में भी इस तरह के कल्याणकारी कार्यक्रमों को निरंतर जारी रखने की प्रतिबद्धता दोहराई।




















