मुजफ्फरपुर जंक्शन मंदिर पुनर्निर्माण आंदोलन को मिला समर्थन, दंड यात्री रवि कुमार का भव्य स्वागत
- Post By Admin on Aug 07 2026
मुजफ्फरपुर : मुजफ्फरपुर जंक्शन परिसर में पूर्व में तोड़े गए शिव परिवार, पंचमुखी हनुमान और माँ दुर्गा मंदिर के पुनर्निर्माण की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन को शुक्रवार को नया समर्थन मिला। मंदिर पुनर्निर्माण के संकल्प के साथ सोनपुर पहलेजा घाट से बाबा गरीबनाथ के जलाभिषेक के लिए दंडवत यात्रा पर निकले शिवभक्त रवि कुमार के मुजफ्फरपुर जिले में प्रवेश करने पर आंदोलनकारियों ने उनका भव्य स्वागत किया।
तुर्की थाना के समीप मुजफ्फरपुर जंक्शन पुनर्निर्माण आंदोलन से जुड़े लोगों ने रवि कुमार को अंगवस्त्र और फूलमाला पहनाकर सम्मानित किया। इस दौरान आंदोलनकारियों ने “महादेव हम आएंगे, मंदिर मुजफ्फरपुर जंक्शन परिसर में ही बनाएंगे” के नारे लगाए। हिंदू पुत्र संगठन के प्रदेश अध्यक्ष ऋषभ ठाकुर ने कहा कि दंड यात्रियों के लिए जिला प्रशासन और मेला प्रशासन को विशेष सहयोग की व्यवस्था करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पूरे कांवरिया पथ पर कई स्थानों पर अंधेरा रहता है, इसलिए प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।
सक्रिय आंदोलनकारी अनील कुमार ने कहा कि रवि कुमार की दंड यात्रा व्यक्तिगत लाभ के लिए नहीं, बल्कि टूटे हुए शिव मंदिर के पुनर्निर्माण और भगवान की पुनर्स्थापना के उद्देश्य से की जा रही है। उन्होंने इसे अत्यंत पुण्यकारी साधना बताते हुए कहा कि प्रशासन को दंड यात्री के गिरते स्वास्थ्य पर भी ध्यान देना चाहिए और उनके लिए स्वास्थ्य टीम उपलब्ध करानी चाहिए।
कार्यक्रम में अनील कुमार, ऋषभ ठाकुर, राहुल, विकास, जगदीश भट्ट, साहिल कुमार, अनुज पटेल, कुमोद कुमार, सौरभ कुमार, प्रमोद कुमार सहित बड़ी संख्या में आंदोलनकारी और श्रद्धालु उपस्थित थे। आंदोलनकारियों ने पुनः मांग दोहराई कि मुजफ्फरपुर जंक्शन परिसर में पूर्ववत मंदिरों का पुनर्निर्माण कराया जाए और श्रद्धालुओं की धार्मिक आस्था का सम्मान किया जाए।