पटना : बिहार के सरकारी विद्यालयों में पढ़ाई के समय को लेकर शिक्षा विभाग ने नई समय-सारिणी जारी कर दी है। नई व्यवस्था के तहत अब राज्य के सभी सरकारी स्कूल सोमवार से शुक्रवार तक सुबह 9:30 बजे से शाम 4:00 बजे तक संचालित होंगे, जबकि शनिवार को विद्यालय सुबह 9:30 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक ही खुलेंगे। यह नई व्यवस्था 6 अगस्त 2026 से प्रभावी हो गई है।

शिक्षा विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार विद्यालय संचालन समय में यह बदलाव मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के निर्देश तथा राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 के प्रावधानों के अनुरूप किया गया है। इसके तहत शनिवार को एक बार फिर हाफ-डे की व्यवस्था लागू कर दी गई है। विभाग का मानना है कि नई समय-सारिणी से विद्यालयी गतिविधियों के बेहतर संचालन के साथ-साथ विद्यार्थियों और शिक्षकों को भी सुविधा मिलेगी। शनिवार को आधे दिन की पढ़ाई होने से विद्यार्थियों को सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों, स्वाध्याय और अन्य शैक्षणिक कार्यों के लिए अतिरिक्त समय उपलब्ध होगा।

शिक्षा विभाग ने सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों और विद्यालय प्रधानों को नई समय-सारिणी का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। राज्यभर के सरकारी विद्यालयों में नई व्यवस्था के अनुसार कक्षाओं का संचालन शुरू हो गया है।