BPSC विशेष शिक्षक रिजल्ट में देरी: अभ्यर्थियों ने बयां किया दर्द, कहा- उम्मीद और उम्र दोनों फंस गईं
- Post By Admin on Aug 07 2026
पटना: बिहार विशेष शिक्षक भर्ती प्रक्रिया में लगातार हो रही देरी को लेकर अभ्यर्थियों का दर्द अब खुलकर सामने आने लगा है। बीएसएसटीईटी उत्तीर्ण अभ्यर्थियों ने कहा कि वे वर्षों से तैयारी, परीक्षा, दस्तावेज सत्यापन और आयोग की प्रक्रियाओं से गुजरते आ रहे हैं, लेकिन अंतिम परिणाम अब तक जारी नहीं होने से उनका भविष्य अधर में लटक गया है।
अभ्यर्थियों के अनुसार, बीएसएसटीईटी की अधिसूचना 1 दिसंबर 2023 को जारी हुई थी। परीक्षा 23 फरवरी 2024 को हुई, उत्तर कुंजी 18 अप्रैल 2024 को आई और परिणाम 30 जुलाई 2024 को घोषित किया गया। इसके बाद बिहार लोक सेवा आयोग द्वारा विशेष शिक्षक भर्ती परीक्षा 29 जनवरी 2026 को आयोजित की गई। अंतिम उत्तर कुंजी 20 मार्च 2026 को जारी कर दी गई, लेकिन अंतिम परिणाम अब तक घोषित नहीं किया गया है।
अभ्यर्थियों का कहना है कि आयोग के कैलेंडर के अनुसार परिणाम काफी पहले आ जाना चाहिए था। लंबे इंतजार ने हजारों युवाओं की चिंता बढ़ा दी है। कई अभ्यर्थियों ने भावुक होकर कहा कि यह सिर्फ एक नौकरी नहीं, बल्कि उनके परिवार की उम्मीदों का सहारा है। कुछ अभ्यर्थियों ने बताया कि उम्र सीमा पार होने का डर उन्हें अंदर ही अंदर तोड़ रहा है, जबकि कई लोग लगातार मानसिक तनाव और अनिश्चितता का सामना कर रहे हैं। अभ्यर्थियों ने यह भी आरोप लगाया कि वे बार-बार आयोग से अनुरोध कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई स्पष्ट और ठोस अपडेट नहीं मिला है। उनका कहना है कि पारदर्शिता और समयबद्ध परिणाम किसी भी भर्ती प्रक्रिया का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा होता है।
इस मुद्दे को लेकर अभ्यर्थियों ने मीडिया और जनप्रतिनिधियों से भी आवाज उठाने की अपील की है। उनका कहना है कि यदि परिणाम जल्द जारी हो जाए तो हजारों परिवारों को राहत मिलेगी और लंबे समय से चल रही अनिश्चितता समाप्त होगी। फिलहाल सभी की निगाहें BPSC पर टिकी हैं। अभ्यर्थियों की मांग है कि आयोग शीघ्र अंतिम परिणाम जारी करे और देरी के कारणों पर स्पष्ट जानकारी दे, ताकि वर्षों से इंतजार कर रहे विशेष शिक्षक अभ्यर्थियों को न्याय और राहत मिल सके।