सहयोग शिविर बना जनसमस्याओं के समाधान का मंच, लाभुकों को मिले प्रमाण-पत्र और जॉब कार्ड

  • Post By Admin on Jul 21 2026
सहयोग शिविर बना जनसमस्याओं के समाधान का मंच, लाभुकों को मिले प्रमाण-पत्र और जॉब कार्ड

लखीसराय : बिहार सरकार के निर्देशानुसार मंगलवार को लखीसराय जिले के सभी सातों प्रखंडों में 'सहयोग शिविर' का आयोजन किया गया। शिविरों में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने आम नागरिकों की समस्याओं का समाधान किया तथा उन्हें सरकारी योजनाओं की जानकारी और लाभ उपलब्ध कराया।

इस दौरान लखीसराय के प्रभारी सचिव सह योजना एवं विकास विभाग के सचिव कँवल तनुज (भा.प्र.से.) ने पंचायत सरकार भवन दामोदरपुर (लखीसराय), मध्य विद्यालय झपानी खाबा राजपुर (सूर्यगढ़ा) तथा पंचायत सरकार भवन लक्ष्मीपुर (बड़हिया) में आयोजित सहयोग शिविरों का निरीक्षण किया। उनके साथ जिला पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार, अपर समाहर्ता नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान प्रभारी सचिव ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन कर लाभुकों को दी जा रही सेवाओं की गुणवत्ता की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों एवं शिकायतों का त्वरित, पारदर्शी और समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।

शिविर में मनरेगा के तहत जॉब कार्ड, श्रम विभाग द्वारा श्रमिक कार्ड तथा जन्म एवं मृत्यु प्रमाण-पत्र का वितरण किया गया। वहीं जीविका समूहों को स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से 10 लाख रुपए का प्रतीकात्मक (डमी) चेक भी प्रदान किया गया। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने शिविर में भाग लेकर विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम के दौरान प्रभारी सचिव और जिला पदाधिकारी ने अन्नप्राशन कार्यक्रम में भी हिस्सा लिया। वहीं स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिसमें 'डायल 1930' के माध्यम से साइबर अपराध से बचाव पर आधारित जागरूकता प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रही।

जिला पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार ने कहा कि सहयोग शिविर का उद्देश्य सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिया कि शिविर में प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करें ताकि लाभुकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। प्रभारी सचिव कँवल तनुज ने कहा कि राज्य सरकार आमजन के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है और ऐसे शिविरों के माध्यम से सरकारी सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ सीधे लोगों तक पहुंचाया जा रहा है।

शिविर में कृषि विभाग की भागीदारी भी प्रमुख रही। विभागीय स्टॉल पर किसानों को किसान निबंधन, बीज एवं उर्वरक उपलब्धता, कृषि यंत्रीकरण, फसल सहायता, डिजिटल कृषि सेवाओं सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। किसानों की समस्याओं, शिकायतों एवं सुझावों का मौके पर ही 'सहयोग पोर्टल' पर पंजीकरण किया गया तथा उनके शीघ्र एवं पारदर्शी निष्पादन का भरोसा दिलाया गया।