श्रावणी मेले से पहले अशोकधाम के होटलों की अग्नि सुरक्षा जांच, कमियां मिलने पर नोटिस
- Post By Admin on Jul 21 2026
लखीसराय : श्रावण माह में अशोकधाम मंदिर में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए बिहार अग्निशमन सेवा ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष अभियान चलाया है। जिला पदाधिकारी के निर्देश पर अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी विनिता लता के नेतृत्व में टीम ने अशोकधाम मंदिर परिसर के आसपास संचालित 10 होटलों का निरीक्षण कर अग्नि सुरक्षा व्यवस्था की जांच की।
निरीक्षण के दौरान कई होटलों में अग्निशमन सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं पाए गए। ऐसे सभी होटल संचालकों को पांच दिनों के भीतर आवश्यक अग्नि सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि निर्धारित अवधि में सुरक्षा मानकों का पालन नहीं करने पर इसे लोगों के जीवन एवं संपत्ति के लिए गंभीर खतरा माना जाएगा और बिहार अग्निशमन सेवा अधिनियम, 2014, बिहार अग्निशमन सेवा नियमावली, 2021, बिहार भवन उपविधि तथा अन्य प्रासंगिक कानूनों के तहत कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण अभियान के दौरान होटल संचालकों एवं आम लोगों को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक भी किया गया। टीम ने विभिन्न स्थानों पर मॉक ड्रिल और जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर आग लगने की स्थिति में अपनाई जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी। बिहार अग्निशमन सेवा ने श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अग्निकांड की स्थिति में तत्काल '101' या '' पर कॉल कर सूचना दें, ताकि समय पर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके।