पर्यावरण और अंगदान जागरूकता पदयात्रा में सुनील कुमार को सम्मान, 'लीचीया लाले लाल' का हुआ लोकार्पण

  • Post By Admin on Aug 03 2026
पर्यावरण और अंगदान जागरूकता पदयात्रा में सुनील कुमार को सम्मान, 'लीचीया लाले लाल' का हुआ लोकार्पण

मुजफ्फरपुर: सरला श्रीवास सोशल कल्चरल रिसर्च फाउंडेशन के तत्वावधान में सोमवार को मालीघाट स्थित फाउंडेशन कार्यालय में संरक्षक एवं वरिष्ठ कठपुतली कलाकार कांता देवी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में बक्सर से डुमरांव तक आयोजित दो दिवसीय पर्यावरण सुरक्षा, अंगदान, देहदान एवं नेत्रदान जनजागरूकता पदयात्रा की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की गई। 1 और 2 अगस्त 2026 को आयोजित यह पदयात्रा दधीचि देहदान समिति, बक्सर, आसा पर्यावरण सुरक्षा बिहार, शिका फाउंडेशन ट्रस्ट, बक्सर, भारत ज्ञान विज्ञान समिति, बक्सर तथा पीपल-नीम-तुलसी अभियान, पटना के संयुक्त तत्वावधान में निकाली गई। पदयात्रा का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण, अंगदान, देहदान और नेत्रदान के प्रति लोगों को जागरूक करना था।

पदयात्रा के दौरान प्रतिभागियों ने आंखों पर काली पट्टी बांधकर प्रतीकात्मक मार्च किया और नेत्रदान के महत्व का संदेश दिया। इस दौरान सैकड़ों लोगों ने पर्यावरण संरक्षण, अंगदान और देहदान का संकल्प भी लिया।

यात्रा का पहला चरण बक्सर से शुरू होकर चिलहरी (डुमरांव) तक पहुंचा, जबकि दूसरे दिन चिलहरी से गोपालडेरा, नवाडेरा और पुराना भोजपुर होते हुए डुमरांव तक पदयात्रा निकाली गई। पुराना भोजपुर मध्य विद्यालय परिसर में पौधारोपण किया गया तथा महारानी उषारानी प्लस टू उच्च विद्यालय, डुमरांव में विचार गोष्ठी का आयोजन हुआ। कार्यक्रम के दौरान 1942 के स्वतंत्रता संग्राम के अमर सेनानियों की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम में पदयात्रा से जुड़े सभी प्रतिभागियों को दधीचि देहदान समिति की अध्यक्ष मीना सिंह, पीपल-नीम-तुलसी अभियान के संस्थापक डॉ. धर्मेंद्र कुमार तथा भारत ज्ञान विज्ञान समिति की सचिव अनीता यादव ने प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

इस अवसर पर मुजफ्फरपुर के प्रसिद्ध कठपुतली कलाकार सुनील कुमार (सुनील सरला) को पर्यावरण संरक्षण, अंगदान और देहदान के प्रति कला एवं लोकगीतों के माध्यम से जनजागरूकता फैलाने में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए शिका फाउंडेशन ट्रस्ट के अध्यक्ष विवेक कुमार, आसा पर्यावरण सुरक्षा बिहार के संयोजक विपिन कुमार, भारत ज्ञान विज्ञान समिति की सचिव अनीता यादव, पीपल-नीम-तुलसी अभियान के डॉ. धर्मेंद्र कुमार तथा दधीचि देहदान समिति की अध्यक्ष एवं पूर्व नगर परिषद चेयरमैन मीना सिंह द्वारा अंगवस्त्र एवं प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।समारोह के दौरान "लीचीया लाले लाल" नामक लीची गीत संग्रह का लोकार्पण भी किया गया। बैठक में उपस्थित लोगों से अधिकाधिक वृक्ष लगाने, पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेने तथा अंगदान, नेत्रदान और देहदान के प्रति समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया गया।