औद्योगिक विकास को मिलेगी रफ्तार, मुजफ्फरपुर और दरभंगा में प्लग-एंड-प्ले पार्क की तैयारी
- Post By Admin on Aug 03 2026
पटना: उत्तर बिहार को नई औद्योगिक पहचान दिलाने की दिशा में बिहार सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। राज्य सरकार ने मुजफ्फरपुर और दरभंगा में दो आधुनिक प्लग-एंड-प्ले इंडस्ट्रियल पार्क विकसित करने का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा है। इन परियोजनाओं के साकार होने से उत्तर बिहार में निवेश, उद्योग और रोजगार को नई गति मिलने की उम्मीद है।
उद्यम विभाग ने केंद्र सरकार की 'भारत औद्योगिक विकास योजना' (भव्या) के तहत यह प्रस्ताव तैयार किया है। इसके लिए मुजफ्फरपुर जिले के पारू में 700 एकड़ और दरभंगा के बहादुरपुर में 350 एकड़, यानी कुल 1,050 एकड़ भूमि चिह्नित की गई है। इन औद्योगिक पार्कों को प्लग-एंड-प्ले मॉडल पर विकसित किया जाएगा। यहां उद्योग लगाने के इच्छुक निवेशकों को सड़क, बिजली, पानी, सीवरेज, आंतरिक सड़कें और अन्य आवश्यक बुनियादी सुविधाएं पहले से उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे उद्योग स्थापित करने में समय और लागत दोनों में कमी आएगी।
सरकार का मानना है कि इन पार्कों के विकसित होने से उत्तर बिहार में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा मिलेगा। इसके साथ ही हजारों युवाओं के लिए प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होंगे, स्थानीय व्यापार को मजबूती मिलेगी और क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को नई दिशा प्राप्त होगी।केंद्र सरकार से मंजूरी मिलने के बाद परियोजना के निर्माण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। यदि प्रस्ताव को स्वीकृति मिलती है, तो मुजफ्फरपुर और दरभंगा उत्तर बिहार के प्रमुख औद्योगिक केंद्रों के रूप में उभर सकते हैं।