बांकीपुर का रण : भाजपा के नीरज सिन्हा पर भारी पड़ रहे प्रशांत किशोर
- Post By Admin on Aug 03 2026
पटना :बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए मतगणना सोमवार सुबह 8 बजे एएन कॉलेज स्थित काउंटिंग सेंटर में शुरू हुई। भाजपा के नीरज सिन्हा, जन सुराज के प्रशांत किशोर और राजद की रेखा गुप्ता समेत कुल 25 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला आज होना है। शुरुआती रुझानों से लेकर अब तक की गिनती में जन सुराज उम्मीदवार प्रशांत किशोर लगातार बढ़त बनाए हुए हैं।
मतगणना के 20 राउंड पूरे होने तक प्रशांत किशोर को 40,169 वोट मिले, जबकि भाजपा उम्मीदवार नीरज सिन्हा दूसरे स्थान पर रहे। दोनों के बीच करीब 11,621 वोटों का अंतर बताया जा रहा है। वहीं राजद उम्मीदवार रेखा गुप्ता को अब तक 10,035 वोट मिले हैं, जिससे पार्टी की स्थिति कमजोर दिखाई दे रही है। ताजा जानकारी के अनुसार प्रशांत किशोर की बढ़त बढ़कर करीब 11,893 वोट हो गई है। उन्हें 38,201 वोट मिले हैं, जबकि नीरज सिन्हा को 26,912 वोट प्राप्त हुए हैं। मतगणना के अभी 12 राउंड शेष बताए जा रहे हैं।
काउंटिंग सेंटर के बाहर जन सुराज कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है। ढोल-नगाड़ों के साथ समर्थकों ने जश्न मनाना शुरू कर दिया है। पार्टी कार्यालय में भी अबीर-गुलाल उड़ाए जाने की खबर है। दूसरी ओर भाजपा कार्यकर्ता अंतिम राउंड तक परिणाम बदलने की उम्मीद लगाए हुए हैं। राजनीतिक विश्लेषकों की नजर अब शेष राउंड की मतगणना पर टिकी है। यदि वर्तमान रुझान कायम रहे तो यह जन सुराज के लिए महत्वपूर्ण राजनीतिक उपलब्धि मानी जाएगी। अंतिम परिणाम देर शाम तक घोषित होने की संभावना है।