महिलाओं की सुरक्षा को लेकर मुजफ्फरपुर में गरजी एसयूसीआई, राजस्थान घटना पर जताया आक्रोश

  • Post By Admin on May 19 2026
महिलाओं की सुरक्षा को लेकर मुजफ्फरपुर में गरजी एसयूसीआई, राजस्थान घटना पर जताया आक्रोश

मुजफ्फरपुर : राजस्थान के जोधपुर में दो बहनों के साथ सामूहिक दुष्कर्म और बाद में उनकी आत्महत्या की दर्दनाक घटना के विरोध में मंगलवार को एसयूसीआई (कम्युनिस्ट) द्वारा मुजफ्फरपुर शहर में विरोध मार्च निकाला गया। प्रदर्शनकारियों ने नगर आदर्श थाना मोड़ पर सभा आयोजित कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

सभा को संबोधित करते हुए पार्टी के बिहार राज्य कमिटी सदस्य अर्जुन कुमार ने कहा कि जोधपुर में एक युवती को प्रेमजाल में फंसाकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए गए और फिर उसका वीडियो बनाकर लगातार ब्लैकमेल किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि युवती के साथ आरोपी और उसके साथियों ने करीब चार वर्षों तक सामूहिक दुष्कर्म किया। प्रताड़ना से परेशान होकर युवती ने मार्च महीने में आत्महत्या कर ली। उन्होंने बताया कि मृतका की छोटी बहन ने आरोपियों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। लगातार धमकी और प्रताड़ना से तंग आकर उसने भी 15 मई को आत्महत्या कर ली। अर्जुन कुमार ने कहा कि यह घटना महिलाओं की सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक निष्क्रियता पर गंभीर सवाल खड़े करती है।

उन्होंने केंद्र और राज्य सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि महिलाओं की सुरक्षा को लेकर बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, लेकिन जमीन पर स्थिति बेहद चिंताजनक है। उन्होंने दोषी अपराधियों और लापरवाह पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की तथा देशभर के लोगों से ऐसे अपराधों के खिलाफ आवाज उठाने का आह्वान किया।विरोध मार्च मोतीझील स्थित पार्टी कार्यालय से शुरू होकर शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए नगर थाना चौक पहुंचा। कार्यक्रम का नेतृत्व एसयूसीआई (कम्युनिस्ट) मुजफ्फरपुर नगर जिला कमिटी के सचिव अमन कुमार झा, जिला कमिटी सदस्य विपिन कुमार ठाकुर, माधव भक्त, कुमोद राम, संजीत मांझी, शत्रुधन महतो, कालीकांत झा, कौशल भक्त, मोहम्मद कलाम, रामसेवक साह एवं प्रेमकुमार राम सहित अन्य नेताओं ने किया।