कान्स फिल्म फेस्टिवल 2026 में भोजपुरी सिनेमा का जलवा, बीवी हो तो ऐसी का फर्स्ट लुक लॉन्च

  • Post By Admin on May 20 2026
कान्स फिल्म फेस्टिवल 2026 में भोजपुरी सिनेमा का जलवा, बीवी हो तो ऐसी का फर्स्ट लुक लॉन्च

नई दिल्ली : विश्व प्रसिद्ध कान्स फिल्म फेस्टिवल 2026 में इस बार भोजपुरी सिनेमा ने अपनी दमदार मौजूदगी दर्ज कराते हुए अंतरराष्ट्रीय मंच पर नया इतिहास रच दिया। भारत पवेलियन में भोजपुरी फिल्म “बीवी हो तो ऐसी” का फर्स्ट लुक पोस्टर भव्य अंदाज में लॉन्च किया गया, जिसने वहां मौजूद भारतीय और विदेशी मेहमानों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।

फिल्म के फर्स्ट लुक लॉन्च के दौरान कलाकारों, निर्माताओं और भारतीय सिनेमा जगत की कई जानी-मानी हस्तियां मौजूद रहीं। इस खास मौके पर फिल्म के निर्माता निशांत उज्जवल ने इसे भोजपुरी सिनेमा के लिए गर्व और ऐतिहासिक क्षण बताया। उन्होंने कहा कि कान्स जैसे प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय मंच पर भोजपुरी फिल्म की प्रस्तुति इस बात का संकेत है कि अब क्षेत्रीय सिनेमा वैश्विक स्तर पर अपनी अलग पहचान बना रहा है। निर्माता निशांत उज्जवल ने कहा कि “बीवी हो तो ऐसी” सिर्फ मनोरंजन तक सीमित फिल्म नहीं है, बल्कि यह महिला सशक्तिकरण जैसे गंभीर और सामाजिक विषय को मजबूती से उठाने का प्रयास करती है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह फिल्म दर्शकों के बीच एक सकारात्मक संदेश पहुंचाने में सफल होगी।

फिल्म का निर्देशन सोमभूषण श्रीवास्तव ने किया है, जबकि इसका निर्माण रेणुविजय फिल्म्स एंटरटेनमेंट प्रा.लि. के बैनर तले किया गया है। फिल्म में भोजपुरी सिनेमा की चर्चित अभिनेत्री आम्रपाली दुबे और सुपर स्टार विक्रांत सिंह मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। इनके अलावा देव सिंह, रामसुजन सिंह, माया यादव, सुबोध सेठ, सबा खान, साहिबा, पल्लवी कोली, मनोज द्विवेदी और अवधेश मिश्रा भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। वहीं अभिनेता संजय पांडेय फिल्म में फ्रेंडली अपीयरेंस में नजर आएंगे। फिल्म के संगीत की जिम्मेदारी ओम झा और रजनीश मिश्रा ने संभाली है, जबकि सह-निर्माता के रूप में डॉ. संदीप उज्जवल और सुशांत उज्जवल जुड़े हुए हैं। इस अवसर पर निशांत उज्जवल ने FICCI, NFDC, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, IMPPA, FFI के अध्यक्ष अभय सिन्हा, जितेंद्र भारद्वाज और सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भारतीय और क्षेत्रीय सिनेमा को अंतरराष्ट्रीय मंच देने में इन संस्थाओं की भूमिका बेहद अहम है। उल्लेखनीय है कि बिहार के रहने वाले निशांत उज्जवल, इम्प्पा के प्रतिनिधिमंडल के साथ कान्स फिल्म फेस्टिवल में शामिल हुए हैं।

गौरतलब है कि रेणुविजय फिल्म्स एंटरटेनमेंट प्रा.लि. भोजपुरी सिनेमा की उन प्रतिष्ठित निर्माण कंपनियों में शामिल है, जिसने हमेशा पारिवारिक, साफ-सुथरी और गुणवत्तापूर्ण फिल्मों के निर्माण पर जोर दिया है। इस बैनर की कई फिल्मों ने सिनेमाघरों से लेकर यूट्यूब तक शानदार सफलता हासिल की है। अब “बीवी हो तो ऐसी” से भी भोजपुरी दर्शकों और फिल्म इंडस्ट्री को काफी उम्मीदें हैं।