कथक, ओडिसी और शास्त्रीय गायन से सजी सांस्कृतिक संध्या, दर्शक हुए मंत्रमुग्ध

  • Post By Admin on May 19 2026
कथक, ओडिसी और शास्त्रीय गायन से सजी सांस्कृतिक संध्या, दर्शक हुए मंत्रमुग्ध

पटना : सांस्कृतिक संस्था त्रिवेणी कला केन्द्र, पटना द्वारा संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के सौजन्य से 18 एवं 19 मई तक आयोजित दो दिवसीय “संगीताचार्य पंडित हीरालाल मिश्र सम्मान एवं संगीत महोत्सव 2026” का समापन प्रेमचंद रंगशाला, पटना में भव्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ संपन्न हो गया। महोत्सव के समापन सत्र में बिहार संगीत नाटक अकादमी एवं जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी, पटना की सहायक सचिव कीर्ति आलोक, उद्योगपति एवं कला संरक्षक एल.एन. पोद्दार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम की उद्घोषणा सोमा चक्रवर्ती ने की।

समापन दिवस के कार्यक्रम की शुरुआत कला आंगन, पटना द्वारा गणेश वंदना से हुई। इस समूह नृत्य में शिवांगी सिन्हा, शीतल कुमारी, आराध्या श्रीवास्तव, अनुशा राज, अदिति राज, संजना, शुभि प्रियदर्शी एवं कुमारी सोनम ने मनमोहक प्रस्तुति देकर दर्शकों की खूब सराहना बटोरी। इसके बाद मुजफ्फरपुर की युवा कलाकार गुनगुन ठाकुर ने शास्त्रीय गायन प्रस्तुत कर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनके साथ हारमोनियम पर राजेंद्र प्रसाद एवं तबले पर अमरेश कुमार ने संगत की। महोत्सव में मो. शाहिद के दल द्वारा समूह नृत्य “तराना” की प्रस्तुति भी आकर्षण का केंद्र रही। इस प्रस्तुति में अन्विता आनंद, अनिका आनंद, निवेदिता मानस, माहिका एवं अनुप्रिया ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। इसके उपरांत रांची, झारखंड की कलाकार इशिता रॉय एवं युक्ति प्रिया ने ओडिसी नृत्य की जुगलबंदी प्रस्तुत कर दर्शकों को भावविभोर कर दिया। उनकी प्रस्तुति को खूब सराहा गया।

त्रिवेणी कला केन्द्र, पटना के कलाकारों द्वारा प्रस्तुत कथक नृत्य ने कार्यक्रम को और भी भव्य बना दिया। इस समूह नृत्य में श्रीनिका सास्वत, काव्या श्री, सान्वी आनंद, एशानी, नविका सुमन, आकृति सिंह, नाव्या सिन्हा, इशिता कुमारी, रोमाइका सिन्हा एवं स्वर्णिमा चंद्रा ने हिस्सा लिया। हारमोनियम पर पंकज कुमार सिंह, तबले पर योगेश्वर मिश्रा तथा बांसुरी पर राजेश कुमार सिंह ने संगत दी। कार्यक्रम के अंतिम चरण में मो. शाहिद आलम, मानसी श्रीवास्तव एवं अनिता किरण ने कत्थक नृत्य की प्रभावशाली प्रस्तुति देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। महोत्सव के दौरान प्रेमचंद रंगशाला में चित्र प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसका संयोजन कशवी शर्मा, कियारा शर्मा, हिमांशु राज, वैष्णवी, तान्या प्रवीण, आराध्या गुप्ता, शानवी भारती एवं शक्ति साह द्वारा किया गया।

आयोजन को सफल बनाने में विभिन्न कलाकारों एवं कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही। प्रिंटिंग का दायित्व रॉबिन, प्रकाश व्यवस्था का देव कुमार, ध्वनि एवं विद्युत व्यवस्था का अमित राज, प्रेक्षागृह प्रबंधन का यशश्री मिश्रा तथा प्रेक्षागृह सज्जा का कार्य देवोश्री कुमारी ने संभाला। आतिथ्य व्यवस्था की जिम्मेदारी योगेश्वर मिश्रा एवं यातायात व्यवस्था की जिम्मेदारी जितेंद्र कुमार ने निभाई। कार्यक्रम में कार्यकर्ता के रूप में राजश्री राज, ऋषभ राज, शुभाशीष एवं नंदिनी सक्रिय रहे। स्वागत समिति में डॉ. अजय कुमार, इप्सा, अनुष्का घोष, सोनाली सरकार एवं सान्या कुमारी शामिल रहीं। महोत्सव समन्वयक डॉ. अजय कुमार एवं संयोजक विजय कुमार मिश्रा रहे।

कार्यक्रम के अंत में संस्था के सचिव विजय कुमार मिश्रा ने सभी दर्शकों, आमंत्रित कलाकारों एवं आयोजन से जुड़े प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही अगले वर्ष पुनः महोत्सव के आयोजन की घोषणा के साथ दो दिवसीय “चतुर्थ संगीताचार्य पंडित हीरालाल मिश्र सम्मान एवं संगीत महोत्सव 2026” का विधिवत समापन किया गया।