एमएलजेडएस विद्यालय में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को मिला स्टार परफॉर्मर बैज
- Post By Admin on May 13 2026
लखीसराय: विद्यालय की प्रार्थना सभा के दौरान “प्राइड ऑफ एमएलजेडएस 2026” के परिणामों की घोषणा की गई। यह अवसर विद्यालय परिवार के लिए बेहद गौरवपूर्ण रहा, क्योंकि इस वर्ष कुल 81 विद्यार्थियों ने 85 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया। विद्यालय प्रबंधन ने इसे संस्थान के इतिहास की बड़ी उपलब्धियों में से एक बताया।
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सभी विद्यार्थियों को “स्टार परफॉर्मर बैज” देकर सम्मानित किया गया। विजेताओं की घोषणा शिक्षक मनीष कुमार ने की। विद्यालय के चेयरमैन संजीव कुमार स्नेही ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षक लगातार बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए मेहनत कर रहे हैं, लेकिन विद्यार्थियों को भी पूरी लगन और गंभीरता से पढ़ाई करनी होगी। उन्होंने कहा कि अगले परीक्षा परिणाम में विद्यालय की अपेक्षा 100 से अधिक विद्यार्थियों के 85 प्रतिशत से ऊपर अंक प्राप्त करने की है।
उन्होंने सभी सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए अन्य छात्रों को भी प्रेरित किया कि वे मेहनत और अनुशासन के साथ बेहतर प्रदर्शन करें। विद्यालय प्रबंधन ने इस उपलब्धि पर सभी अभिभावकों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को बधाई दी और कहा कि यह सफलता सामूहिक प्रयास और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का परिणाम है।