राष्ट्रीय लोक अदालत में ट्रैफिक चालान मामलों के अधिकाधिक निष्पादन की बनी रणनीति

  • Post By Admin on Jul 13 2026
राष्ट्रीय लोक अदालत में ट्रैफिक चालान मामलों के अधिकाधिक निष्पादन की बनी रणनीति

लखीसराय : आगामी 12 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों को लेकर ट्रैफिक चालान मामलों के निष्पादन के संबंध में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, लखीसराय सैयद मोहम्मद शब्बीर आलम के मार्गदर्शन में प्रधान न्यायाधीश, परिवार न्यायालय, लखीसराय के प्रकोष्ठ में संपन्न हुई। इसकी अध्यक्षता श्री पवन कुमार झा ने की।

बैठक में सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकार लखीसराय विधानंद सागर, न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी सुमन चंद्रा, यातायात पुलिस उपाधीक्षक, जिला परिवहन पदाधिकारी तथा मोटर वाहन निरीक्षक सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान अधिक से अधिक पुलिस एवं परिवहन विभाग से जुड़े ट्रैफिक चालान मामलों को चिन्हित कर उन्हें राष्ट्रीय लोक अदालत में प्रस्तुत करने की रणनीति पर चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि संबंधित पक्षकारों को समय पर सूचना उपलब्ध कराई जाए, ताकि वे लोक अदालत के माध्यम से अपने मामलों का त्वरित निष्पादन करा सकें।

बैठक में राष्ट्रीय लोक अदालत में ट्रैफिक चालान मामलों के अधिकाधिक निपटारे और आम लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार पर विशेष जोर दिया गया। इसके लिए प्रिंट मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया और सोशल मीडिया के माध्यम से जागरूकता अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। अधिकारियों ने कहा कि प्रचार-प्रसार के जरिए अधिक से अधिक लोगों को लोक अदालत की उपयोगिता और त्वरित न्याय व्यवस्था की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।