लखीसराय में जन वितरण प्रणाली की समीक्षा, राशन कार्ड और पीएनजी कनेक्शन बढ़ाने पर जोर
- Post By Admin on Jul 13 2026
लखीसराय : जिला समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में सोमवार को जिला पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार की अध्यक्षता में जिला आपूर्ति टास्क फोर्स की समीक्षात्मक बैठक आयोजित हुई। बैठक में राशन कार्ड निर्माण, ई-केवाईसी, खाद्यान्न वितरण, धान-गेहूं अधिप्राप्ति तथा पीएनजी (पाइप्ड नेचुरल गैस) कनेक्शन सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान जिला आपूर्ति पदाधिकारी राहुल कुमार ने पीपीटी के माध्यम से विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। समीक्षा में बताया गया कि जिले को 19 हजार नए राशन कार्ड बनाने का लक्ष्य मिला है। इस पर जिला पदाधिकारी ने सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि एक सप्ताह के भीतर हर हाल में लक्ष्य पूरा करें। उन्होंने कैंप लगाकर व्यापक प्रचार-प्रसार के साथ राशन कार्ड बनाने की प्रक्रिया में तेजी लाने तथा जिला आपूर्ति पदाधिकारी को प्रतिदिन इसकी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बैठक में ई-केवाईसी की समीक्षा के दौरान अधिकांश प्रखंडों की प्रगति संतोषजनक पाई गई। डीएम ने इस गति को बनाए रखने के साथ-साथ संदिग्ध राशन कार्डों की जांच और उनके निष्पादन में भी तेजी लाने के निर्देश दिए। वहीं जिला आपूर्ति पदाधिकारी को राशन कार्ड जनरेशन की दैनिक समीक्षा कर कार्य में और तेजी लाने को कहा गया।
खरीफ विपणन मौसम 2025-26 के तहत धान अधिप्राप्ति के लक्ष्य को पूरा करने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए। वहीं रबी विपणन मौसम 2025-26 में गेहूं अधिप्राप्ति का 100 प्रतिशत लक्ष्य हासिल होने पर जिला पदाधिकारी ने संतोष व्यक्त किया। डीएम ने एजीएम को निर्देश दिया कि शत-प्रतिशत खाद्यान्न उठाव सुनिश्चित कर सभी लाभुकों तक समय पर वितरण कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जन वितरण प्रणाली से जुड़े सभी कार्य सरकार की मानक प्रक्रिया के अनुसार किए जाएं और किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिकायत मिलने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बैठक में पीएनजी (पाइप्ड नेचुरल गैस) कनेक्शन की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि जिले में अब तक 502 पीएनजी कनेक्शन दिए जा चुके हैं। इस पर जिला पदाधिकारी ने जन-जागरूकता अभियान चलाने, कैंप मोड में आवेदन लेने तथा अधिक से अधिक परिवारों को गैस पाइपलाइन से जोड़ने के निर्देश दिए।
इंडियन ऑयल के प्रतिनिधि प्रतीक कुमार का 24×7 हेल्पलाइन नंबर 7307059401 भी बैठक में साझा किया गया। डीएम ने निर्देश दिया कि जिला आपूर्ति शाखा में इंडियन ऑयल का एक कर्मी प्रतिनियुक्त किया जाए, ताकि पीएनजी कनेक्शन के आवेदन तत्काल तैयार किए जा सकें। साथ ही समाहरणालय, अनुमंडल और प्रखंड कार्यालयों के कर्मियों को भी अधिक से अधिक आवेदन संग्रह कर लोगों को पीएनजी सुविधा से जोड़ने का निर्देश दिया गया। बैठक में उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, जिला आपूर्ति पदाधिकारी राहुल कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, जन वितरण प्रणाली विक्रेता तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।