3 मार्च से सांख्यिकी आवृत्तिचर्या सह प्रशिक्षण शिविर की होगी शुरुआत
- Post By Admin on Mar 01 2025

लखीसराय : राज्य सरकार के निर्देशानुसार और जिलाधिकारी मिथिलेश मिश्र के आदेश पर, आगामी 3 मार्च से जिले के विभिन्न प्रखंडों में सांख्यिकी आवृत्तिचर्या सह प्रशिक्षण शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण कृषि वर्ष 2024-25 के रबी मौसम के लिए कृषि सांख्यिकी से संबंधित आंकड़ों के संग्रहण, संकलन और विश्लेषण में गुणात्मक सुधार लाने के उद्देश्य से आयोजित किया जाएगा।
जिला सांख्यिकी पदाधिकारी राम विनोद प्रसाद यादव ने बताया कि इस प्रशिक्षण में खेसरा पंजी, द्रुत जिन्सवार, जीसीईएस, सीसीई ऐप/पोर्टल आधारित फसल कटनी प्रयोग, प्रक्षेत्र मूल्य जैसी महत्वपूर्ण सांख्यकी प्रक्रिया पर चर्चा की जाएगी। इसका मुख्य उद्देश्य संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की क्षमतावर्धन करना है।
इस कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, कृषि पदाधिकारी, सांख्यिकी पदाधिकारी, सहकारिता पदाधिकारी, राजस्व अधिकारी, कृषि समन्वयक और किसान सलाहकारों को भाग लेने के लिए निर्देशित किया गया है।
प्रशिक्षण शिविर की शुरुआत 3 मार्च को रामगढ़ चौक प्रखंड से होगी, जो प्रखण्ड कार्यालय रामगढ़ चौक के सभागार में सुबह 11:00 बजे से आयोजित होगा। इसके बाद हलसी प्रखंड में 4 मार्च, चानन प्रखंड में 5 मार्च, बड़हिया प्रखंड में 6 मार्च, लखीसराय सदर प्रखंड में 7 मार्च, पिपरिया प्रखंड का जिला मुख्यालय सांख्यकी कार्यालय में 8 मार्च और सूर्यगढ़ा प्रखंड में 10 मार्च को कार्यक्रम आयोजित होंगे।
सहायक सांख्यिकी पदाधिकारी आलोक प्रकाश प्रभात और अन्य संबंधित अधिकारियों द्वारा यह प्रशिक्षण दिया जाएगा। पिपरिया प्रखंड का प्रशिक्षण जिला सांख्यकी कार्यालय लखीसराय में आयोजित किया जाएगा, जबकि अन्य सभी प्रखंडों का आयोजन उनके प्रखंड मुख्यालय पर किया जाएगा।