स्वराज आश्रम के संरक्षण के लिए एमएलसी देवेश कुमार ने दी आर्थिक सहायता

  • Post By Admin on Jul 17 2026
स्वराज आश्रम के संरक्षण के लिए एमएलसी देवेश कुमार ने दी आर्थिक सहायता

मुजफ्फरपुर: भारतीय जनता पार्टी के विधान परिषद सदस्य एवं मिजोरम प्रभारी देवेश कुमार से पटना में पारिवारिक मुलाकात के दौरान मुजफ्फरपुर जिले के पारू प्रखंड स्थित ऐतिहासिक स्वराज आश्रम, कमलपुरा के संरक्षण एवं पुनर्जीवन को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा हुई। इस अवसर पर स्वराज आश्रम के संरक्षण के लिए उन्होंने अपनी विधायक निधि से 1,49,9000 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की।

बताया गया कि पारू प्रखंड के कमलपुरा स्थित स्वराज आश्रम स्वतंत्रता आंदोलन की ऐतिहासिक धरोहरों में शामिल है। यह आश्रम वर्ष 1918 में महान किसान नेता स्वामी सहजानंद सरस्वती द्वारा शुरू किए गए 'मुठिया आंदोलन' का भी साक्षी रहा है। साथ ही स्वतंत्रता सेनानी बाबू यमुना कार्जी, राधामोहन सिंह और मुचकुन बाबू जैसे महान सेनानियों के संघर्ष और योगदान से भी यह स्थान जुड़ा हुआ है। इस दौरान बताया गया कि एमएलसी देवेश कुमार महान स्वतंत्रता सेनानी एवं युगपुरुष बाबू यमुना कार्जी के पौत्र हैं। उन्होंने स्वराज आश्रम के ऐतिहासिक महत्व को संरक्षित करने तथा इसे नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्थल के रूप में विकसित करने की आवश्यकता पर बल दिया।

स्वराज आश्रम के संरक्षण अभियान से जुड़े रानू शंकर ने इस सहयोग के लिए एमएलसी देवेश कुमार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह आर्थिक सहायता आश्रम के संरक्षण और ऐतिहासिक विरासत को संजोने के प्रयासों को नई गति देगी। उन्होंने विश्वास जताया कि इस पहल से आने वाले समय में स्वराज आश्रम को उसके गौरवशाली स्वरूप में विकसित करने का मार्ग प्रशस्त होगा।