BRABU में सेवानिवृत्त शिक्षकों-कर्मचारियों के लिए विशेष शिविर, लंबित मामलों का होगा समाधान
- Post By Admin on Jul 25 2026
मुजफ्फरपुर : बाबासाहेब भीमराव आंबेडकर बिहार विश्वविद्यालय (बीआरएबीयू) प्रशासन ने सेवानिवृत्त शिक्षकों एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारियों के वेतन, बकाया राशि, पेंशन तथा अन्य लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन के लिए 27 और 28 जुलाई को विशेष सत्यापन शिविर आयोजित करने की घोषणा की है। यह शिविर विश्वविद्यालय मुख्यालय स्थित अतिथिशाला में प्रतिदिन पूर्वाह्न 10:30 बजे से आयोजित होगा।
विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. समीर कुमार शर्मा द्वारा जारी सूचना के अनुसार, राजभवन सचिवालय के निर्देश के आलोक में यह शिविर उन सेवानिवृत्त शिक्षकों एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारियों के लिए आयोजित किया जा रहा है, जिनकी सेवा-निवृत्ति से संबंधित कोई मामला सरकार अथवा विश्वविद्यालय स्तर पर लंबित है।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने ऐसे सभी सेवानिवृत्त कर्मियों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि पर अपने सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर में उपस्थित होकर आवेदन प्रस्तुत करें। इससे सेवा-निवृत्ति लाभ, बकाया वेतन, पेंशन एवं अन्य लंबित मामलों का नियमानुसार त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया जा सकेगा।
सूचना में यह भी बताया गया है कि शिविर के दौरान विश्वविद्यालय के सभी संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहेंगे, ताकि मामलों का मौके पर सत्यापन कर आवश्यक कार्रवाई की जा सके। विश्वविद्यालय प्रशासन ने पात्र सेवानिवृत्त शिक्षकों एवं कर्मचारियों से समय पर शिविर में पहुंचकर इसका लाभ उठाने की अपील की है।