नए उच्च शिक्षा विधेयक के विरोध में TMBU में महासभा, कर्मचारी महासंघ ने दिया समर्थन
- Post By Admin on Jul 25 2026
भागलपुर : तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय (टीएमबीयू) में 27 जुलाई को आयोजित होने वाली महासभा को बिहार राज्य विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय कर्मचारी महासंघ ने अपना समर्थन देने की घोषणा की है। महासंघ की टीएमबीयू प्रक्षेत्रीय इकाई ने कुलसचिव को पत्र भेजकर महासभा में शामिल होने और प्रस्तावित आंदोलन का समर्थन करने की जानकारी दी है।
महासंघ के प्रक्षेत्रीय मंत्री सुशील मंडल द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि विश्वविद्यालय प्रशासनिक भवन परिसर में आयोजित महासभा में कर्मचारी महासंघ की भागलपुर विश्वविद्यालय इकाई सक्रिय रूप से भाग लेगी। पत्र के अनुसार, महासभा का मुख्य उद्देश्य बिहार सरकार द्वारा बिहार राज्य विश्वविद्यालय अधिनियम, 1976 में बदलाव कर प्रस्तावित नए उच्च शिक्षा विधेयक लाने की तैयारी का विरोध करना है। महासंघ का कहना है कि प्रस्तावित व्यवस्था विश्वविद्यालयों की स्वायत्तता पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकती है, इसलिए इसके खिलाफ संयुक्त आंदोलन आवश्यक है।
महासंघ ने यह भी स्पष्ट किया कि महासभा के दूसरे प्रमुख एजेंडे के रूप में यूजीसी रेगुलेशन-2018 की अनदेखी कर लागू की गई सहायक प्राध्यापक नियुक्ति नियमावली-2026 का भी विरोध किया जाएगा। संगठन का आरोप है कि नई नियमावली उच्च शिक्षा की गुणवत्ता और नियुक्ति प्रक्रिया पर असर डाल सकती है। महासंघ ने विश्वविद्यालय के कर्मचारियों से महासभा में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि उच्च शिक्षा और विश्वविद्यालयों की स्वायत्तता से जुड़े मुद्दों पर संयुक्त संघर्ष जारी रहेगा।