बीआरएबीयू में लंबित वेतन, एरियर और पेंशन मामलों के समाधान को विशेष शिविर, कई प्रकरणों का मौके पर निस्तारण

  • Post By Admin on Jul 28 2026
बीआरएबीयू में लंबित वेतन, एरियर और पेंशन मामलों के समाधान को विशेष शिविर, कई प्रकरणों का मौके पर निस्तारण

मुजफ्फरपुर : बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर बिहार विश्वविद्यालय में लंबित वेतन, एरियर एवं पेंशन मामलों के निस्तारण के लिए मंगलवार को भी विश्वविद्यालय अतिथिशाला में विशेष समाधान शिविर आयोजित किया गया। राजभवन सचिवालय, बिहार के निर्देश पर 27 एवं 28 जुलाई को आयोजित दो दिवसीय शिविर में कार्यरत एवं सेवानिवृत्त शिक्षकों तथा शिक्षकेत्तर कर्मचारियों के लंबित मामलों की सुनवाई की गई।

शिविर के दौरान संबंधित दस्तावेजों का सत्यापन कर कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि अन्य मामलों के शीघ्र निष्पादन की प्रक्रिया भी पूरी कराई गई। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार इस पहल से लंबित भुगतान संबंधी प्रकरणों के समाधान में तेजी आई है और बड़ी संख्या में लाभुकों को राहत मिली है।

कुलपति प्रो. दिनेश चंद्र राय ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन शिक्षकों और कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सभी पात्र लाभुकों को समय पर वैधानिक भुगतान उपलब्ध कराना विश्वविद्यालय की प्राथमिकता है तथा आवश्यकता पड़ने पर भविष्य में भी ऐसे विशेष समाधान शिविर आयोजित किए जाएंगे।

शिविर में कुलसचिव प्रो. (डॉ.) समीर कुमार शर्मा, वित्तीय सलाहकार प्रवीण कुमार सिंह, वित्त पदाधिकारी राम बाबू महतो, पेंशन पदाधिकारी डॉ. मो. अमानुल्लाह, उपकुलसचिव प्रथम प्रवीर कुमार सरकार, राजेश कुमार, खुर्शीद आलम, ऋषि, अमित भारद्वाज और संतोष सिंह सहित कई अधिकारियों ने सक्रिय भूमिका निभाई। अधिकारियों ने उपस्थित लाभुकों के दस्तावेजों की जांच कर लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया। विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि इस विशेष समाधान शिविर से शिक्षकों और कर्मचारियों के वेतन, एरियर और पेंशन से जुड़े मामलों के समाधान में पारदर्शिता और गति दोनों बढ़ी हैं।