मुजफ्फरपुर जंक्शन मंदिर विवाद : आस्था के सहारे आंदोलन, शिव भक्त ने शुरू की दंड यात्रा
- Post By Admin on Jul 28 2026
मुजफ्फरपुर : मुजफ्फरपुर जंक्शन परिसर में तोड़े गए आजादी पूर्व के शिव परिवार, पंचमुखी हनुमान और मां दुर्गा मंदिर के पुनर्निर्माण की मांग को लेकर शिव भक्त रवि कुमार ने मंगलवार को कठिन दंड यात्रा शुरू की। उन्होंने सोनपुर के पहलेजा घाट से दंड करते हुए बाबा गरीबनाथ मंदिर तक पहुंचकर जलाभिषेक करने का संकल्प लिया है। यात्रा शुरू करने से पहले रवि कुमार ने बाबा गरीबनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना कर भगवान का आशीर्वाद लिया।
इस दौरान मंदिर पुनर्निर्माण आंदोलन से जुड़े कई कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे। उन्होंने रवि कुमार को अंगवस्त्र और फूल-माला पहनाकर यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं।मौके पर आंदोलन से जुड़े सक्रिय कार्यकर्ता अनील कुमार ने कहा कि यह हिंदू धर्म के इतिहास का एक महत्वपूर्ण दिन है। उन्होंने दावा किया कि पहली बार किसी भक्त ने मंदिर पुनर्निर्माण की मांग को लेकर सावन के पवित्र महीने में इतनी कठिन दंड यात्रा का संकल्प लिया है। उन्होंने कहा कि यदि रेलवे और हिंदू समाज के नाम पर राजनीति करने वाले लोग गंभीर हैं तो मंदिर को वापस उसी स्थान पर बनाया जाना चाहिए।
वहीं, हिंदू पत्र संगठन के प्रदेश अध्यक्ष ऋषभ ठाकुर ने कहा कि संगठन का अनिश्चितकालीन रेल रोको आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि संगठन की बिहार इकाई दंड यात्रा कर रहे भक्त रवि कुमार का सोनपुर से बाबा गरीबनाथ मंदिर तक अपने शिविरों के माध्यम से सहयोग करेगी।
शिव भक्त रवि कुमार ने कहा कि मुजफ्फरपुर जंक्शन परिसर में स्थित मंदिर को तोड़े जाने से वह काफी आहत हुए हैं। इसी भावना के चलते उन्होंने महादेव से दंड यात्रा कर जलाभिषेक करने की मन्नत मांगी थी। उन्होंने बताया कि वह सोनपुर से दंड करते हुए यात्रा पूरी कर 10 अगस्त को बाबा गरीबनाथ का जलाभिषेक करेंगे। यात्रा के दौरान समर्थकों ने “महादेव हम आएंगे, मंदिर मुजफ्फरपुर जंक्शन परिसर में ही बनाएंगे” के नारे के साथ रवि कुमार को रवाना किया।
इस अवसर पर अनील कुमार, ऋषभ ठाकुर, राजीव शाह, राष्ट्रवादी शिवम, खुशी कुमारी, जगदीश भट्ट, दीपक पटेल, आदर्श राजपूत, कुणाल श्रीवास्तव, अमर कुमार, साहिल कुमार, अनुज पटेल, कुमोद कुमार, सौरभ कुमार, प्रमोद कुमार सहित बड़ी संख्या में आंदोलनकारी मौजूद रहे।