RDS काॅलेज में प्राचार्य प्रो. शशि भूषण कुमार के नेतृत्व का एक वर्ष पूरा, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर विशेष जोर

  • Post By Admin on Jul 28 2026
RDS काॅलेज में प्राचार्य प्रो. शशि भूषण कुमार के नेतृत्व का एक वर्ष पूरा, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर विशेष जोर

मुजफ्फरपुर : रामदयालु सिंह महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. शशि भूषण कुमार के कार्यकाल का एक वर्ष सफलतापूर्वक पूरा होने के अवसर पर महाविद्यालय परिसर में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने उनके प्रशासनिक नेतृत्व, कार्यकुशलता, अनुशासनप्रियता और शैक्षणिक दृष्टिकोण की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्राचार्य प्रो. शशि भूषण कुमार ने कहा कि रामदयालु सिंह महाविद्यालय उत्तर बिहार की ऐतिहासिक, बौद्धिक और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण केंद्र है। उन्होंने कहा कि पिछले एक वर्ष के दौरान महाविद्यालय में जो कार्य संस्कृति, अनुशासन और शैक्षणिक वातावरण विकसित हुआ है, वह पूरे महाविद्यालय परिवार के सामूहिक सहयोग और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय की ऐतिहासिक गरिमा को अक्षुण्ण रखते हुए उसे आधुनिक शैक्षणिक मानकों के अनुरूप विकसित करना उनकी प्राथमिकता है। इसके लिए शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों के साथ मिलकर सतत प्रयास किए जा रहे हैं। प्राचार्य ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, नैतिक मूल्यों के संवर्धन और अनुशासित शैक्षणिक वातावरण को महाविद्यालय की सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कहा कि छात्रों को केवल डिग्री ही नहीं, बल्कि जिम्मेदार नागरिक के रूप में तैयार करना भी संस्थान का उद्देश्य है।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित शिक्षकों और कर्मचारियों ने प्राचार्य के नेतृत्व में महाविद्यालय में प्रशासनिक सुदृढ़ीकरण, शैक्षणिक गतिविधियों में सक्रियता और सकारात्मक कार्य वातावरण के निर्माण की सराहना की। इस अवसर पर महाविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ और सभी ने महाविद्यालय की निरंतर प्रगति के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।