सोशल मीडिया की अपील रंग लाई, दिव्यांग बच्चे को मिला आधार कार्ड
- Post By Admin on Jul 18 2026
लखीसराय : महिला एवं बाल विकास निगम द्वारा संचालित महिला सशक्तिकरण केंद्र की पहल से चार वर्षीय दिव्यांग बच्चे दयूब कुमार का आधार कार्ड बन सका। लंबे समय तक विभिन्न आधार केंद्रों के चक्कर लगाने के बावजूद सफलता नहीं मिलने पर अंततः जिला प्रशासन और महिला सशक्तिकरण केंद्र के समन्वित प्रयास से यह कार्य संभव हो पाया।
जानकारी के अनुसार, नगर परिषद क्षेत्र के बाजार समिति, काली पहाड़ी वार्ड संख्या-33 स्थित परित्यक्त सरकारी भवन में रहने वाली नीतू कुमारी अपने दो बच्चों के साथ जीवनयापन कर रही हैं। उनका चार वर्षीय पुत्र दयूब कुमार दृष्टिबाधित होने के साथ-साथ हाथ-पैर से भी दिव्यांग है। कई आधार केंद्रों पर प्रयास के बावजूद बच्चे का आधार कार्ड नहीं बन सका, जिसके बाद परिवार ने उम्मीद छोड़ दी थी। इसी बीच लाल पहाड़ी निवासी सौरव कुमार ने सोशल मीडिया के माध्यम से दिव्यांग बच्चे की मदद की अपील की। मामला महिला सशक्तिकरण केंद्र के जिला मिशन समन्वयक प्रशांत कुमार के संज्ञान में आया। उन्होंने तत्परता दिखाते हुए सौरव कुमार से संपर्क किया और परिवार से मिलकर आधार नामांकन से जुड़े अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित किया।
जांच के दौरान पता चला कि बच्चे के जन्म प्रमाण पत्र में माता-पिता का आधार नंबर दर्ज नहीं होने के कारण आधार कार्ड बनाने में तकनीकी बाधा आ रही थी। जिला मिशन समन्वयक के निर्देश पर महिला सशक्तिकरण केंद्र की लैंगिक विशेषज्ञ किस्मत कुमारी ने सदर अस्पताल से समन्वय कर जन्म प्रमाण पत्र में आवश्यक संशोधन कराया, जिसके बाद बच्चे का आधार कार्ड बन सका। पूरी प्रक्रिया में सौरव कुमार ने भी व्यक्तिगत स्तर पर सक्रिय भूमिका निभाई और आधार कार्ड बनने तक परिवार का सहयोग किया। आधार कार्ड मिलने के बाद दयूब कुमार के माता-पिता ने खुशी जताते हुए जिला प्रशासन, महिला सशक्तिकरण केंद्र तथा सहयोग करने वाले सभी कर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर जिला मिशन समन्वयक प्रशांत कुमार ने परिवार को दिव्यांग पेंशन, दिव्यांग प्रमाण पत्र, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना तथा आंगनबाड़ी केंद्रों से मिलने वाली सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही महिला हेल्पलाइन नंबर-181 के बारे में भी जागरूक किया। इस पहल को सफल बनाने में जिला मिशन समन्वयक प्रशांत कुमार, लैंगिक विशेषज्ञ किस्मत कुमारी, वित्तीय साक्षरता विशेषज्ञ अमित कुमार, नवीन कुमार तथा एमटीएस नवीन्द्र दास की महत्वपूर्ण भूमिका रही।