जनगणना 2027 की तैयारियों को मिली रफ्तार, तीन दिवसीय DCHB प्रशिक्षण का सफल समापन
- Post By Admin on Jul 18 2026
लखीसराय : भारत की जनगणना 2027 के अंतर्गत जिला जनगणना हस्त पुस्तिका (DCHB) से संबंधित तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शनिवार को सफलतापूर्वक समापन हो गया। 16 से 18 जुलाई 2026 तक आयोजित इस प्रशिक्षण में जिले के रामगढ़ चौक, बड़हिया, चानन एवं हलसी प्रखंडों के प्रशिक्षणार्थियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई और जनगणना कार्य से जुड़े विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
समापन सत्र को संबोधित करते हुए अपर समाहर्ता नीरज कुमार ने कहा कि जनगणना का कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण और जिम्मेदारीपूर्ण है। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों को निर्देश दिया कि डाटा संग्रहण पूरी पारदर्शिता, सटीकता और विश्वसनीय स्रोतों के आधार पर किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि समस्त कार्य डीसीएचबी मोबाइल ऐप के माध्यम से ही शत-प्रतिशत निष्पादित किया जाएगा, ताकि डाटा की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित हो सके।
प्रशिक्षण के दौरान जनगणना निदेशालय से आए प्रशिक्षक राधेश्याम एवं रवि कुमार ने प्रतिभागियों को तकनीकी और प्रक्रियात्मक पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय कार्य के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या आने पर उसका त्वरित समाधान उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही उन्होंने डाटा को पूरी तरह सत्यापित करने के बाद ही अंतिम रूप से अपलोड करने पर विशेष जोर दिया। प्रशिक्षकों ने बताया कि जनगणना भारत सरकार की एक महत्वपूर्ण प्रक्रिया है, जिसके आधार पर विकास योजनाओं का निर्माण, संसाधनों का वितरण, कल्याणकारी कार्यक्रमों की रूपरेखा तथा नीतिगत निर्णय तय किए जाते हैं। इसलिए प्रत्येक जानकारी का सही और तथ्यात्मक होना अत्यंत आवश्यक है।
कार्यक्रम के दौरान जिला योजना पदाधिकारी आशुतोष कुमार, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी राम विनोद प्रसाद यादव, जिला सूचना एवं विज्ञान पदाधिकारी पिंटू कुमार सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।