मॉडल स्कूल उद्घाटन को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम ने अधिकारियों को सौंपीं जिम्मेदारियां

  • Post By Admin on Jul 18 2026
मॉडल स्कूल उद्घाटन को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम ने अधिकारियों को सौंपीं जिम्मेदारियां

लखीसराय : जिले के मॉडल स्कूलों के शुभारंभ कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर शनिवार को जिला पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यक्रम की सभी तैयारियों की विस्तार से समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में बताया गया कि 19 जुलाई 2026 को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बेगूसराय से लाइव प्रसारण के माध्यम से मॉडल स्कूलों का शुभारंभ करेंगे। इस अवसर पर लखीसराय जिले के उच्च विद्यालय हलसी, उच्च विद्यालय रामगढ़ चौक, केंद्रीय उच्च माध्यमिक विद्यालय लखीसराय, मालती रामाश्रय उच्च विद्यालय बड़हिया, उच्च माध्यमिक विद्यालय पिपरिया, उच्च विद्यालय नरोत्तमपुर कजरा, उच्च विद्यालय सूर्यगढ़ा तथा उत्क्रमित उच्च विद्यालय मननपुर (चानन) में कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया जाएगा।

जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए मिनट-टू-मिनट कार्ययोजना तैयार कर उसका कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। कार्यक्रम में स्वागत गान, अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के संबोधन तथा धन्यवाद ज्ञापन शामिल रहेगा।उन्होंने सभी विद्यालयों में साफ-सफाई, बैठने की समुचित व्यवस्था, तकनीकी संसाधनों की उपलब्धता तथा निर्बाध लाइव प्रसारण के लिए पावर बैकअप सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी शिक्षकों को निर्धारित ड्रेस कोड और पहचान पत्र (आई-कार्ड) के साथ उपस्थित रहने को कहा गया। डीएम ने प्रत्येक विद्यालय में ड्यूटी रोस्टर तैयार कर शिक्षकों की जिम्मेदारी तय करने, कंट्रोल रूम स्थापित करने तथा प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए। विद्यालयों के प्राचार्यों को स्थानीय जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित कर उनकी गरिमामयी उपस्थिति सुनिश्चित करने को भी कहा गया।

बैठक में सभी मॉडल विद्यालयों के लिए सात वरीय पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति कर कार्यक्रम की सफलता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही जिला पदाधिकारी ने अपर समाहर्ता, उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी एवं अन्य वरीय अधिकारियों के साथ शाम में मॉडल विद्यालयों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लेने की जानकारी भी दी। समीक्षा बैठक में अपर समाहर्ता नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी यदुवंश राम, सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, शिक्षा विभाग के कार्यक्रम पदाधिकारी तथा संबंधित विद्यालयों के प्राचार्य उपस्थित रहे।