लखीसराय में श्री श्रृंगी ऋषि धाम श्रावणी मेला का शुभारंभ, डीएम ने सुविधाओं का लिया जायजा

  • Post By Admin on Jul 31 2026
लखीसराय में श्री श्रृंगी ऋषि धाम श्रावणी मेला का शुभारंभ, डीएम ने सुविधाओं का लिया जायजा

लखीसराय : लखीसराय जिले के श्री श्रृंगी ऋषि धाम में आयोजित श्रावणी मेला का उद्घाटन शुक्रवार को जिला पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार ने मंदिर परिसर में फीता काटकर किया। उद्घाटन के साथ ही प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा, स्वच्छता, स्वास्थ्य सेवा और आवागमन व्यवस्था को लेकर कई महत्वपूर्ण कदम उठाए।

मेला उद्घाटन के बाद जिला पदाधिकारी ने पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अंतर्गत नव निर्मित वन आरक्षी केंद्र का भी उद्घाटन किया। इसके पश्चात महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं के लिए बनाए गए नए शौचालयों का उद्घाटन करते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को इन सुविधाओं की नियमित सफाई और रख-रखाव सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। मेला परिसर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित स्वास्थ्य शिविर का निरीक्षण करते हुए डीएम ने चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों को निर्देश दिया कि आने वाले श्रद्धालुओं को त्वरित और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने अन्य विभागों द्वारा की गई व्यवस्थाओं की भी समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान श्री श्रृंगी ऋषि धाम जाने वाले मार्ग की खराब स्थिति पर जिला पदाधिकारी ने नाराजगी जताई। रास्ते में गड्ढे और अव्यवस्थित सड़क को देखते हुए उन्होंने पथ निर्माण विभाग (आरसीडी) के कार्यपालक अभियंता को तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था के तहत सड़क को समतल और सुगम बनाने का निर्देश दिया, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो। दाढ़ीशीर से श्री श्रृंगी ऋषि धाम जाने वाले मार्ग में लगाए गए ह्यूम पाइप की स्थिति का भी डीएम ने निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मार्ग को शीघ्र दुरुस्त कर सुरक्षित और निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। जिला पदाधिकारी ने जिले के अन्य महत्वपूर्ण स्थलों पर भी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि जनसुविधाओं में सुधार और प्रशासनिक कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सभी विभागों का समन्वित प्रयास आवश्यक है।

इस अवसर पर सूर्यगढ़ा विधायक रामानंद मंडल, अपर समाहर्ता नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, भाजपा जिला अध्यक्ष दीपक कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी सूर्यगढ़ा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। श्रावणी मेला के उद्घाटन के साथ ही प्रशासन ने श्रद्धालुओं के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और सुचारु व्यवस्था सुनिश्चित करने की दिशा में अपनी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है।