प्रेमचंद जयंती पर सूर्यगढ़ा में साहित्यिक चेतना का उत्सव, छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया
- Post By Admin on Jul 31 2026
लखीसराय : +2 परियोजना बालिका उच्च विद्यालय, सूर्यगढ़ा में उपन्यास सम्राट और कलम के सिपाही मुंशी प्रेमचंद की जयंती धूमधाम और साहित्यिक उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय प्रधान संजय कुमार सिंह ने की। समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में साहित्यकार डॉ. विजय विनीत तथा जनता कॉलेज के पूर्व प्राचार्य प्रो. राजेंद्र राज उपस्थित रहे।
वक्ताओं ने छात्राओं को प्रेमचंद के महाकाव्यात्मक उपन्यास ‘गोदान’ की विशेषताओं, उनकी कहानियों की मार्मिकता तथा भारतीय गांव, किसान और आमजन के जीवन के यथार्थ चित्रण से परिचित कराया। उन्होंने कहा कि प्रेमचंद का साहित्य आज भी सामाजिक चेतना, मानवीय संवेदना और नैतिक मूल्यों का सशक्त स्रोत है। इस अवसर पर डॉ. विजय विनीत ने विद्यालय परिवार को अपनी लिखित पुस्तकों की प्रतियां भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं के लिए भाषण, निबंध, चित्रांकन एवं प्रेमचंद विषयक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
विद्यालय प्रशासन ने बताया कि इस प्रकार के साहित्यिक आयोजन विद्यार्थियों में पठन-पाठन की रुचि बढ़ाने, साहित्यिक चेतना विकसित करने तथा भारतीय साहित्यिक विरासत से उन्हें जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार के सभी सदस्यों के सहयोग की सराहना की गई तथा कथाकार मुंशी प्रेमचंद को सामूहिक रूप से श्रद्धांजलि अर्पित की गई। विद्यालय परिसर में आयोजित इस आयोजन में शिक्षक, शिक्षिकाएं, छात्राएं और स्थानीय शिक्षाविद बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।