पर्यावरण संरक्षण और देशभक्ति का अनोखा संगम, शहीद उधम सिंह की स्मृति में पौधारोपण
- Post By Admin on Jul 31 2026
आरा : शहीद उधम सिंह बलिदान दिवस के अवसर पर भोजपुर जिले के वीर कुँवर सिंह मैदान (रमना), आरा में पर्यावरण संरक्षण गतिविधि के तहत विशेष पौधारोपण अभियान चलाया गया। इस दौरान देववृक्ष पीपल, बरगद, गूलर और जामुन के कुल 13 पौधे लगाए गए। पौधारोपण अभियान का नेतृत्व पर्यावरण प्रहरी मन मोहन चौबे ने किया, जबकि सोनू सिंह ने सहयोग प्रदान किया। कार्यक्रम में पीपल के 2, बरगद के 3, गूलर के 2 तथा जामुन के 6 पौधे लगाए गए।
इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण गतिविधि के प्रांत संयोजक, पर्यावरण भारती के संस्थापक तथा अखिल भारतीय पेड़ उपक्रम टोली के सदस्य राम बिलास शाण्डिल्य ने कहा कि पर्यावरण पांच ‘ज’ — जल, जमीन, जंगल, जानवर और जन (मानव) — से मिलकर बना है। उन्होंने कहा कि इन पांचों तत्वों का संतुलन बना रहेगा तभी पर्यावरण सुरक्षित रह सकेगा। उन्होंने बताया कि वैज्ञानिक दृष्टि से पृथ्वी पर कम से कम 33 प्रतिशत वन क्षेत्र आवश्यक माना गया है, जबकि बढ़ती जनसंख्या और अंधाधुंध कटाई के कारण वर्तमान में लगभग 15 प्रतिशत जंगल ही शेष रह गए हैं। उन्होंने लोगों से अपने घरों और आसपास कम से कम 10 पेड़ लगाने की अपील करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए वृक्षारोपण ही सबसे प्रभावी उपाय है। राम बिलास शाण्डिल्य ने शहीद उधम सिंह के बलिदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने जलियाँवाला बाग नरसंहार का बदला लेने के लिए लंदन जाकर कार्रवाई की थी और 31 जुलाई 1940 को उन्हें फांसी दे दी गई थी। इसी कारण प्रतिवर्ष 31 जुलाई को उनका शहीद या बलिदान दिवस मनाया जाता है।
पौधारोपण अभियान में मन मोहन चौबे, सोनू सिंह, राम बिलास शाण्डिल्य, आदित्य कुमार, शिवानी कुमारी, रूद्र कुमार, अमरदीप नारायण सहित अन्य पर्यावरण प्रेमियों ने भाग लिया। कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और शहीदों की स्मृति को एक साथ जोड़ते हुए लोगों को प्रकृति संरक्षण के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया।