पहली ही बारिश में खुली विकास कार्यों की पोल, कबैया थाना के सामने सड़क बनी तालाब

  • Post By Admin on Jul 20 2026
पहली ही बारिश में खुली विकास कार्यों की पोल, कबैया थाना के सामने सड़क बनी तालाब

लखीसराय : मौसम की पहली ही बारिश ने हसनपुर पंचायत की व्यवस्थाओं की पोल खोल दी है। कबैया थाना के सामने हसनपुर जाने वाली मुख्य सड़क पूरी तरह जलमग्न हो गई, जिससे सड़क झील जैसी दिखाई देने लगी। जलजमाव के कारण आम लोगों, विद्यार्थियों, मरीजों और राहगीरों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) लखीसराय के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व सरपंच रामपदारथ सिंह ने इस स्थिति पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन और पंचायत सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विकास कार्यों पर करोड़ों रुपए खर्च किए जाने के दावे किए जाते हैं, लेकिन पहली ही बारिश में सड़कों का जलमग्न हो जाना योजनाओं की गुणवत्ता और प्रशासनिक उदासीनता को उजागर करता है। उन्होंने कहा कि जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण लोगों का सामान्य जनजीवन प्रभावित हो गया है। उनका कहना है कि यदि समय रहते नालों की सफाई और जल निकासी की व्यवस्था कर दी गई होती, तो ऐसी स्थिति उत्पन्न नहीं होती।

रामपदारथ सिंह ने जिला प्रशासन, नगर निकाय और संबंधित पंचायत प्रतिनिधियों से प्रभावित क्षेत्र में तत्काल जल निकासी की व्यवस्था कराने, सड़क को आवागमन योग्य बनाने तथा आम नागरिकों की सुविधा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो स्थानीय जनता के साथ आंदोलन शुरू करने पर विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है, लेकिन वर्तमान स्थिति यह दर्शाती है कि जनसुविधाओं को लेकर सरकार और प्रशासन अपेक्षित स्तर पर गंभीर नहीं हैं।