किऊल स्टेशन पर जीआरपी का एक्शन, चोरी के मोबाइल के साथ नाबालिग निरुद्ध
- Post By Admin on Jul 20 2026
लखीसराय : पूर्व मध्य रेल के दानापुर मंडल अंतर्गत किऊल स्टेशन पर चलाए जा रहे 'ऑपरेशन यात्री सुरक्षा' के तहत जीआरपी ने एक नाबालिग को चोरी के मोबाइल फोन के साथ निरुद्ध किया है। बरामद मोबाइल की अनुमानित कीमत करीब 20 हजार रुपए बताई गई है। मामले में जीआरपी किऊल थाने में प्राथमिकी दर्ज कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार (20 जुलाई) को निरीक्षक प्रभारी प्रशांत कुमार के नेतृत्व में उपनिरीक्षक रमेश कुमार, अपराध आसूचना शाखा के प्रेम प्रकाश द्विवेदी एवं आरक्षी रौशन कुमार किऊल स्टेशन परिसर में यात्री सामानों की चोरी की रोकथाम को लेकर सघन जांच अभियान चला रहे थे। इसी दौरान दोपहर 12:10 बजे एक संदिग्ध नाबालिग को रोककर पूछताछ की गई। पूछताछ में नाबालिग अपना संतोषजनक परिचय नहीं दे सका और न ही यात्रा से संबंधित कोई वैध टिकट प्रस्तुत कर पाया। उसकी तलाशी लेने पर उसके पास से ओप्पो कंपनी का एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। पूछताछ के दौरान उसने स्वीकार किया कि मोबाइल ट्रेन में यात्रा कर रहे एक यात्री से चोरी किया गया था।इसके बाद मौके पर ही 12:20 बजे फर्द तलाशी सह जब्ती सूची तैयार कर मोबाइल जब्त कर लिया गया। वहीं 12:40 बजे निरुद्ध ज्ञापन तैयार कर नाबालिग को विधिवत निरुद्ध कर लिया गया।
घटना के संबंध में उपनिरीक्षक रमेश कुमार के लिखित आवेदन के आधार पर जीआरपी किऊल थाना में कांड दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। जीआरपी ने बताया कि बरामद मोबाइल की अनुमानित कीमत लगभग 20 हजार रुपए है।