लखीसराय : जिले के पुरानी बाजार स्थित उप-डाकघर को स्थानांतरित करने की विभागीय कोशिशों पर गुरुवार को पूरी तरह विराम लग गया। बिहार के उपमुख्यमंत्री और स्थानीय विधायक श्री विजय कुमार सिन्हा के हस्तक्षेप तथा स्थानीय जनता और व्यापारियों के विरोध के कारण डाक विभाग को अपने कदम पीछे खींचने पड़े।
आज सुबह ड्यूटी शुरू होने से पहले ही डाकघर के कर्मचारी गुपचुप तरीके से कार्यालय खाली करने और सामान समेटने पहुंचे। इसकी भनक लगते ही स्थानीय नागरिक और व्यापारी विरोध प्रदर्शन पर उतर आए। मामले की गंभीरता को देखते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक कुमार सिंह तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और विरोध प्रदर्शन को शांत कराया। उन्होंने इसकी जानकारी तत्काल उपमुख्यमंत्री श्री विजय कुमार सिन्हा और जिलाधिकारी को दी। इसके बाद जिलाध्यक्ष की अध्यक्षता में प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी से त्वरित कार्रवाई की मांग की।
इस डाकघर को बंद करने का आदेश आने पर व्यापारियों ने पहले ही उपमुख्यमंत्री को आवेदन दिया था। जनता की भावनाओं को देखते हुए श्री विजय कुमार सिन्हा ने 14 जनवरी को चीफ पोस्ट मास्टर जनरल (CPMG) को पत्र लिखकर इसे यथावत रखने का निर्देश दिया। उपमुख्यमंत्री के हस्तक्षेप और लगातार दबाव के बाद विभाग ने आधिकारिक तौर पर शिफ्टिंग रोकने का आश्वासन दिया।
अब यह डाकघर पुरानी बाजार में ही संचालित होगा। इस निर्णय से क्षेत्र के बुजुर्गों, पेंशनभोगियों और व्यापारियों में हर्ष का माहौल है। भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक कुमार सिंह ने कहा कि यह सफलता उपमुख्यमंत्री के दृढ़ संकल्प और संगठन की सक्रियता का परिणाम है। लखीसराय भाजपा इकाई ने जनहितैषी इस निर्णय के लिए उपमुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।




















