सावन उत्सव मेले में सजी स्वदेशी उत्पादों की बहार, महिलाओं के हुनर को मिला मंच
- Post By Admin on Jul 17 2026
मुजफ्फरपुर : शहर के चैंबर ऑफ कॉमर्स परिसर में माहेश्वरी महिला समाज द्वारा आयोजित दो दिवसीय सावन उत्सव तीज मेले का शुभारंभ शुक्रवार को हुआ। मेले का उद्घाटन मुख्य अतिथि डॉ. ममता रानी ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर उन्होंने आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए महिला उद्यमिता और स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने की पहल की सराहना की।
उद्घाटन के बाद डॉ. ममता रानी ने मेले में लगे विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया और स्थानीय महिलाओं द्वारा तैयार किए गए उत्पादों की खरीदारी भी की। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के "वोकल फॉर लोकल" और "आत्मनिर्भर भारत" अभियान को मजबूती प्रदान करते हैं। घरेलू जिम्मेदारियों के साथ महिलाएं अपने उद्यम के माध्यम से आत्मनिर्भरता की प्रेरक मिसाल पेश कर रही हैं। मेले में ज्वेलरी, चूड़ियां, साड़ी एवं ड्रेस मटेरियल, हस्तनिर्मित वस्तुएं, रूमाल, खिलौने, अचार, बड़ी, पापड़ तथा घर में तैयार किए गए विभिन्न खाद्य उत्पादों के स्टॉल लगाए गए हैं। स्थानीय लोगों ने न केवल इन उत्पादों की खरीदारी की, बल्कि विभिन्न व्यंजनों का भी आनंद लिया।
सावन माह को देखते हुए हरी कांच की चूड़ियों के स्टॉल पर महिलाओं की विशेष भीड़ रही। स्टॉल संचालिकाओं ने बताया कि सावन सुहाग और श्रृंगार का पर्व है, इसलिए इस दौरान हरी चूड़ियों की मांग काफी बढ़ जाती है। मेले में खरीदारी को लेकर महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। माहेश्वरी महिला समाज की अध्यक्षा ने बताया कि मेले का उद्देश्य महिलाओं को स्वरोजगार का अवसर उपलब्ध कराना और उन्हें अपने उत्पादों के प्रदर्शन एवं विपणन के लिए एक प्रभावी मंच देना है। ऐसे आयोजन नए उद्यम शुरू करने वाली महिलाओं का आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ उन्हें नए ग्राहकों तक पहुंचने का अवसर भी प्रदान करते हैं।
मेले में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर महिला उद्यमियों का उत्साहवर्धन किया और स्थानीय उत्पादों की खरीदारी की। आयोजन के दौरान ममता रानी को माहेश्वरी महिला समाज की ओर से अंगवस्त्र एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित भी किया गया। आयोजकों ने विश्वास जताया कि इस तरह के आयोजन महिला उद्यमिता को नई पहचान देने और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहेंगे।