सोनम वांगचुक को जबड़न घसीटकर अस्पताल ले गई पुलिस, जंतर-मंतर से प्रदर्शनकारियों को हटाया
- Post By Admin on Jul 18 2026
नई दिल्ली: जंतर-मंतर पर पिछले 21 दिनों से आमरण अनशन पर बैठे सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को शनिवार सुबह दिल्ली पुलिस ने सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई दिल्ली हाईकोर्ट के निर्देश और वांगचुक की लगातार बिगड़ती स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए की गई। हालांकि, इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने पुलिस कार्रवाई का विरोध किया, जिससे मौके पर कुछ देर के लिए तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई। बाद में पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को जंतर-मंतर से हटाना शुरू कर दिया।
सोनम वांगचुक 28 जून से नीट पेपर लीक मामले की जांच और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर आमरण अनशन पर बैठे हैं। चिकित्सकों के अनुसार अनशन के दौरान उनका वजन लगभग 9.5 किलोग्राम कम हो चुका है। शुक्रवार को उनका वजन घटकर 56.55 किलोग्राम रह गया था। उनके साथ अनशन कर रहे अन्य प्रदर्शनकारियों की तबीयत भी बिगड़ने की जानकारी सामने आई है।
कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने आरोप लगाया कि पुलिस ने वांगचुक के साथ अभद्र व्यवहार किया और उन्हें जबरन अस्पताल ले गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस ने उनके साथ मारपीट की। हालांकि इन आरोपों पर दिल्ली पुलिस की ओर से तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वहीं, दिल्ली पुलिस ने बताया कि हाईकोर्ट के आदेश के अनुपालन में वांगचुक की स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय देखभाल के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस के अनुसार कुछ प्रदर्शनकारियों ने कार्रवाई में बाधा डालने की कोशिश की, लेकिन स्थिति को शांतिपूर्ण तरीके से नियंत्रित कर लिया गया। वांगचुक की पत्नी गीतांजलि जे. आंगमो ने अस्पताल पहुंचकर कहा कि परिवार और इलाज कर रहे चिकित्सकों की सहमति के बिना उन्हें किसी प्रकार की दवा या तरल पदार्थ नहीं दिया जाए। उन्होंने चिकित्सकीय प्रक्रिया को लेकर परिवार की सहमति को आवश्यक बताया।
इस घटनाक्रम के बाद विपक्षी नेताओं की प्रतिक्रियाएं भी सामने आई हैं। समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव, आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह, कांग्रेस नेता पवन खेड़ा, आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल सहित कई नेताओं ने सरकार से संवाद स्थापित करने की अपील की। वहीं जेडीयू नेता भगवान सिंह कुशवाहा और एलजेपी के प्रवक्ता विनीत सिंह ने भी वांगचुक से अनशन समाप्त करने का आग्रह करते हुए सरकार से बातचीत के जरिए समाधान निकालने की बात कही। उधर, सीजेपी ने 20 जुलाई को संसद मार्च का आह्वान दोहराते हुए कहा है कि आंदोलन जारी रहेगा। दूसरी ओर, दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शनकारियों से जंतर-मंतर स्थल को शांतिपूर्वक खाली करने की अपील के बाद जबड़न खाली करवाने में जुटी है।