सर्वोदय जीविका समिति की वार्षिक बैठक, 10 हजार से अधिक महिलाओं के सशक्तिकरण पर जोर
- Post By Admin on Jul 28 2026
लखीसराय: महिला स्वावलंबन और आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सर्वोदय जीविका महिला विकास स्वावलंबी सहकारी समिति लिमिटेड, लखीसराय सदर की वार्षिक आम सभा मंगलवार को हसनपुर में आयोजित की गई। बैठक में वर्ष 2025-26 की आय-व्यय रिपोर्ट प्रस्तुत की गई, जिसमें समिति को 23 लाख 49 हजार 151 रुपये का शुद्ध मुनाफा होने की जानकारी दी गई। साथ ही आगामी वित्तीय वर्ष की कार्ययोजना पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। जिला परियोजना प्रबंधक जीविका अनीता कुमारी, समिति की अध्यक्ष ऊषा देवी, सचिव खुशबू देवी, कोषाध्यक्ष साधना देवी तथा निदेशक मंडल के सदस्यों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इसके बाद मंजू देवी, सरिता देवी, शारदा देवी और खुशबू देवी ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। समिति की अध्यक्ष ऊषा देवी ने अपने संबोधन में बताया कि सर्वोदय जीविका महिला विकास स्वावलंबी सहकारी समिति के माध्यम से अनुसूचित जाति एवं जनजाति आवासीय बालिका विद्यालय, बिहरौरा में "जीविका दीदी की रसोई", दीदी अधिकार केंद्र तथा ग्रामीण बाजार का सफल संचालन किया जा रहा है। इसके अलावा सदर अस्पताल, प्रखंड कार्यालय परिसर और पुलिस केंद्र की साफ-सफाई का कार्य भी जीविका दीदियों द्वारा किया जा रहा है, जिससे बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाओं को रोजगार और आत्मनिर्भरता मिली है। उन्होंने बताया कि समिति से 37 ग्राम संगठन जुड़े हैं, जिनसे 10 हजार से अधिक जीविका दीदियां संबद्ध हैं।
कार्यक्रम के दौरान प्रीति कुमारी और आशा देवी ने जीविका से जुड़ने के बाद अपने जीवन में आए आर्थिक और सामाजिक बदलाव के अनुभव साझा किए तथा बताया कि इस पहल ने उन्हें आत्मनिर्भर बनने का अवसर दिया। समिति की मास्टर बुक कीपर मंजू देवी ने वर्ष 2025-26 का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया कि समिति की कुल आय 96 लाख 96 हजार 363 रुपये रही, जबकि कुल व्यय 73 लाख 47 हजार 212 रुपये हुआ। इस प्रकार समिति ने 23 लाख 49 हजार 151 रुपये का शुद्ध लाभ अर्जित किया।
बैठक में वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना को भी मंजूरी दी गई। इसमें स्वयं सहायता समूहों का विस्तार, रोजगार संवर्धन, बैंक लिंकेज, स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं पोषण जैसे विषयों को प्राथमिकता देने का निर्णय लिया गया। साथ ही अधिक से अधिक महिलाओं को स्वरोजगार के लिए ऋण उपलब्ध कराने तथा राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाने पर जोर दिया गया। प्रशिक्षण अधिकारी शशि भूषण ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में सर्वोदय समिति ने बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने का कार्य किया है। वहीं प्रखंड परियोजना प्रबंधक राजेश कुमार रंजन ने सामुदायिक संगठनों की नियमित बैठकों और योजनाओं में सक्रिय भागीदारी की अपील की।
जिला परियोजना प्रबंधक अनीता कुमारी ने जीविका दीदियों को वार्षिक आम सभा के उद्देश्य बताते हुए कहा कि महिलाएं समूहों के माध्यम से अधिक से अधिक ऋण लेकर स्वरोजगार अपनाएं। उन्होंने सर्वोदय समिति के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि समिति ने ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण में उल्लेखनीय योगदान दिया है। उन्होंने जीविका निधि, सतत जीविकोपार्जन योजना और मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी साझा की। कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाली सात जीविका दीदियों, दो बुक कीपर तथा वीणा जीविका महिला ग्राम संगठन को सम्मानित किया गया। सभा के अंत में सचिव खुशबू देवी ने धन्यवाद ज्ञापन किया, जबकि कार्यक्रम का संचालन क्लस्टर फेसिलिटेटर सरिता राम ने किया।