‘मेरा युवा भारत’ प्रतियोगिता में लंगट सिंह महाविद्यालय का शानदार प्रदर्शन, टीम रही अव्वल

  • Post By Admin on Jul 28 2026
‘मेरा युवा भारत’ प्रतियोगिता में लंगट सिंह महाविद्यालय का शानदार प्रदर्शन, टीम रही अव्वल

मुजफ्फरपुर : लंगट सिंह महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने जिले में आयोजित ‘मेरा युवा भारत’ प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया है। ‘नशा मुक्त विकसित भारत’ विषय पर आधारित शॉर्ट फिल्म “द कॉस्ट एडिक्शन फैमिली” ने प्रतियोगिता में विजेता का खिताब हासिल कर महाविद्यालय का नाम रोशन किया।

विजेता टीम में संस्कृति सर्राफ, अंकिता राज, आशीष कुमार, आशीष राज और विराट आर्या शामिल हैं। टीम ने अपनी फिल्म के माध्यम से नशे की लत के दुष्परिणामों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करते हुए यह संदेश दिया कि नशा केवल व्यक्ति ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार को प्रभावित कर उसे बर्बादी की ओर धकेल देता है।

प्रतियोगिता में मिली इस सफलता के बाद महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. कनुप्रिया ने अपने कार्यालय में विजेता सांस्कृतिक टीम को विशेष रूप से सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि फिल्म के माध्यम से छात्रों ने जिस प्रकार सामाजिक चेतना और संवेदनशीलता का परिचय दिया है, वह अत्यंत प्रशंसनीय है। प्रो. कनुप्रिया ने छात्रों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि यह एक सराहनीय शुरुआत है और उन्हें अपनी रचनात्मक प्रतिभा को निरंतर सामाजिक सरोकारों से जोड़कर आगे बढ़ाना चाहिए। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय के लिए यह गर्व का विषय है कि यहां के छात्र न केवल अकादमिक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं, बल्कि जिम्मेदार नागरिक के रूप में भी समाज के प्रति अपनी भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि युवा अपनी कला, प्रतिभा और अभिव्यक्ति को समाज की समस्याओं से जोड़ दें, तो भारत न केवल नशा-मुक्त बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ेगा, बल्कि संवेदनशील और मूल्यनिष्ठ समाज के निर्माण में भी नई मिसाल कायम करेगा।

महाविद्यालय की कल्चरल कॉर्डिनेटर डॉ. दीपिका कुमारी ने भी टीम की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि सांस्कृतिक गतिविधियाँ केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि समाज में जागरूकता फैलाने का प्रभावी मंच हैं और इस टीम ने अपनी प्रस्तुति से इसे सिद्ध कर दिया है। इस अवसर पर प्रो. टी.के. डे, डॉ. एस.आर. चतुर्वेदी, डॉ. शैलेंद्र सिन्हा, डॉ. विजय कुमार, डॉ. नवीन कुमार, डॉ. आनंद कुमार सिंह, सुजीत कुमार सहित महाविद्यालय के अनेक शिक्षकों और कर्मियों ने विजेता टीम को बधाई दी।