चानन में क्वारंटाइन स्टेशन के लिए भूमि का निरीक्षण, पशुधन विकास को मिलेगी नई रफ्तार

  • Post By Admin on Jul 28 2026
चानन में क्वारंटाइन स्टेशन के लिए भूमि का निरीक्षण, पशुधन विकास को मिलेगी नई रफ्तार

लखीसराय: राज्य में दुधारू पशुओं की नस्ल सुधार योजना को गति देने और उच्च गुणवत्ता वाले फ्रोजन सीमेन उत्पादन को बढ़ावा देने की दिशा में लखीसराय में महत्वपूर्ण पहल शुरू हो गई है। इसी कड़ी में मंगलवार को चानन अंचल में प्रस्तावित क्वारंटाइन स्टेशन की स्थापना के लिए चिन्हित भूमि का संयुक्त निरीक्षण किया गया।

जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार के निर्देश पर अपर समाहर्ता, उप विकास आयुक्त तथा बिहार राज्य मिल्क को-ऑपरेटिव फेडरेशन लिमिटेड (कॉम्फेड), बरौनी के प्रबंध निदेशक सहित संबंधित अधिकारियों ने प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं और तकनीकी मानकों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान चानन अंचल के मौजा रजौन, थाना संख्या-49, खाता संख्या-241 एवं खेसरा संख्या-1771 की कुल 19.90 एकड़ सरकारी भूमि का विस्तृत परीक्षण किया गया। अधिकारियों ने पाया कि स्थल मुख्य सड़क से जुड़ा हुआ है, जिससे सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही सुगम होगी। साथ ही क्षेत्र का प्राकृतिक वातावरण शांत, स्वच्छ एवं हरित है तथा भविष्य में विद्युत, पेयजल, पशु चिकित्सा और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास की पर्याप्त संभावनाएं मौजूद हैं। निरीक्षण के दौरान जैव सुरक्षा (बायोसिक्योरिटी) से जुड़े सभी आवश्यक मानकों का भी मूल्यांकन किया गया। अधिकारियों ने पाया कि प्रस्तावित भूमि सीमेन स्टेशन से लगभग पांच किलोमीटर की उपयुक्त दूरी पर स्थित है, जिससे संक्रमण नियंत्रण, पशुओं के पृथक रख-रखाव और क्वारंटाइन अवधि के प्रभावी संचालन में सुविधा होगी। इसके अलावा नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, टीकाकरण, प्रयोगशाला जांच तथा जैव सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन भी यहां आसानी से सुनिश्चित किया जा सकेगा। कॉम्फेड, बरौनी के प्रबंध निदेशक ने निरीक्षण के बाद प्रस्तावित स्थल को विभागीय आवश्यकताओं और भविष्य की विकास संभावनाओं के अनुरूप उपयुक्त बताया। संयुक्त निरीक्षण में शामिल अन्य अधिकारियों ने भी सर्वसम्मति से इस भूमि को क्वारंटाइन स्टेशन की स्थापना के लिए उपयुक्त माना।

जिला प्रशासन ने अंचल अधिकारी, चानन को निर्देश दिया है कि उपलब्ध भूमि में से पांच एकड़ का सीमांकन कर नियमानुसार भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया शीघ्र पूरी की जाए। साथ ही आवश्यक अभिलेखों और प्रतिवेदनों के साथ प्रस्ताव सक्षम प्राधिकार को भेजने का भी निर्देश दिया गया है।जिला प्रशासन का मानना है कि क्वारंटाइन स्टेशन की स्थापना से राज्य में उच्च गुणवत्ता वाले फ्रोजन सीमेन का उत्पादन बढ़ेगा, दुधारू पशुओं की नस्ल सुधार योजनाओं को नई गति मिलेगी और पशुपालकों को आधुनिक पशुपालन तथा कृत्रिम गर्भाधान सेवाओं का दीर्घकालिक लाभ प्राप्त होगा।