कारगिल विजय दिवस पर एलएस कॉलेज में शौर्य को सलाम, एनसीसी कैडेट्स हुए सम्मानित

  • Post By Admin on Jul 26 2026
कारगिल विजय दिवस पर एलएस कॉलेज में शौर्य को सलाम, एनसीसी कैडेट्स हुए सम्मानित

मुजफ्फरपुर : कारगिल विजय दिवस के अवसर पर रविवार को लंगट सिंह कॉलेज और 32 बिहार बटालियन एनसीसी के संयुक्त तत्वावधान में एक प्रेरणादायी समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कारगिल युद्ध के वीर सैनिकों के अदम्य साहस, बलिदान और राष्ट्रभक्ति को याद करते हुए छात्रों को देशसेवा और राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कॉलेज की प्राचार्या प्रो. कनुप्रिया ने कहा कि कारगिल युद्ध में हजारों फीट की ऊंचाई पर भारतीय सैनिकों ने असाधारण वीरता का परिचय देते हुए पाकिस्तानी सेना को पीछे हटने पर मजबूर कर दिया था। 26 जुलाई 1999 को दुर्गम चोटियों पर तिरंगा फहराकर भारतीय सेना ने देश की आन-बान और शान की रक्षा की थी। उन्होंने कहा कि कारगिल विजय केवल सैन्य सफलता नहीं, बल्कि भारत के अडिग स्वाभिमान, अदम्य साहस और अजेय संकल्प का प्रतीक है। यह विजयगाथा युवाओं को हर चुनौती का सामना करते हुए राष्ट्रहित में योगदान देने की प्रेरणा देती रहेगी।

एनसीसी अधिकारी डॉ. राजीव कुमार ने कैडेट्स को कारगिल युद्ध की रणनीतिक चुनौतियों और भारतीय सेना के पराक्रम से अवगत कराया। उन्होंने अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रसेवा की भावना को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। समारोह के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले एनसीसी कैडेट्स को नई जिम्मेदारियां सौंपते हुए सम्मानित किया गया। असांसी कुमारी को सार्जेंट मेजर, ज्योतिलाल कुमार को क्वार्टर मास्टर तथा शालू कुमारी, साक्षी, अनुज कुमार, जय प्रकाश कुमार और कोमल प्रिया को सार्जेंट की रैंक प्रदान की गई।

इस अवसर पर डॉ. दीपक कुमार, सीनियर अंडर ऑफिसर आशुतोष राज, अंडर ऑफिसर नमृता सुधीर, अंडर ऑफिसर सृष्टि सहित बड़ी संख्या में एनसीसी कैडेट्स, शिक्षक और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।