मूल्यांकन कार्य में लगे शिक्षकों के भत्ते पर रोक, डॉ. कुमारी रूपम ने उठाई आवाज

  • Post By Admin on Jul 26 2026
मूल्यांकन कार्य में लगे शिक्षकों के भत्ते पर रोक, डॉ. कुमारी रूपम ने उठाई आवाज

मुजफ्फरपुर : बीआर अंबेडकर बिहार विश्वविद्यालय में सेमेस्टर थर्ड (सत्र 2024-28) की उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन कार्य में प्रतिनियुक्त शिक्षकों को पूर्व निर्धारित डीए, टीए और एचए सहित अन्य भत्तों का भुगतान नहीं किए जाने का मामला तूल पकड़ने लगा है। भत्तों पर रोक लगाए जाने से शिक्षकों में असंतोष व्याप्त है।

पटना विश्वविद्यालय टीचर एसोसिएशन की पूर्व सह-सचिव एवं तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की संभावित प्रत्याशी डॉ. कुमारी रूपम ने इस संबंध में लोक भवन को पत्र भेजकर हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने महामहिम से अनुरोध किया है कि विश्वविद्यालय प्रशासन को मूल्यांकन कार्य में प्रतिनियुक्त शिक्षकों को पूर्व निर्धारित सभी प्रकार के भत्तों का भुगतान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया जाए। डॉ. रूपम ने अपने पत्र में कहा है कि मूल्यांकन कार्य में लगे शिक्षकों को विगत वर्षों से नियमित रूप से डीए, टीए और एचए सहित निर्धारित भत्तों का भुगतान किया जाता रहा है। लेकिन इस बार बिना किसी स्पष्ट कारण के इन भत्तों पर रोक लगा दी गई है, जिससे शिक्षकों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने विशेष रूप से वित्तरहित शिक्षकों की स्थिति का उल्लेख करते हुए कहा कि कई वर्षों से उन्हें अनुदान भी प्राप्त नहीं हुआ है। ऐसे में मूल्यांकन कार्य के बदले मिलने वाले निर्धारित भत्तों से भी वंचित करना उनके साथ अन्याय है। उन्होंने कहा कि यदि शीघ्र इस निर्णय पर पुनर्विचार नहीं किया गया तो इससे शिक्षकों का मनोबल प्रभावित होगा और उनकी आर्थिक कठिनाइयां और बढ़ेंगी। डॉ. कुमारी रूपम ने विश्वविद्यालय प्रशासन से शिक्षकों के हितों को ध्यान में रखते हुए पूर्व से लागू सभी भत्तों का भुगतान तत्काल सुनिश्चित करने की मांग की है।