जीविका दीदियों ने नशा मुक्ति और महिला सशक्तिकरण का दिया संदेश
- Post By Admin on Jul 26 2026
लखीसराय: बिहार सरकार की "विकसित भारत, समृद्ध बिहार" पहल के तहत रविवार को लखीसराय जिले के सभी सात प्रखंडों की 76 पंचायतों में पंचायत विकास दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जीविका दीदियों ने व्यापक जनभागीदारी के साथ जागरूकता एवं विकासोन्मुखी कार्यक्रम आयोजित कर पंचायतों को आत्मनिर्भर, सशक्त और समावेशी बनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में स्वयं सहायता समूहों, ग्राम संगठनों तथा संकुल स्तरीय संघों से जुड़ी महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पंचायत स्तर पर कार्यरत जीविका के सामुदायिक समन्वयकों ने ग्रामीण परिवारों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित की। सुबह की शुरुआत नशा मुक्ति प्रभात फेरी से हुई, जिसमें जीविका दीदियों ने गांवों में जागरूकता रैली निकालकर लोगों को शराब एवं अन्य नशे के दुष्प्रभावों के प्रति सचेत किया। "नशे की मार सबसे बड़ी मार, बर्बाद करे घर-परिवार" और "जन-जन का यही संदेश, नशा मुक्त हो अपना प्रदेश" जैसे नारों के माध्यम से ग्रामीणों को नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया। इस दौरान सभी ने नशामुक्त बिहार के निर्माण का सामूहिक संकल्प भी लिया।
इसके बाद जिले के सभी 17 संकुल स्तरीय संघों और 582 ग्राम संगठनों में विशेष जागरूकता बैठकों का आयोजन किया गया। बैठकों में मद्य निषेध, सामाजिक उत्तरदायित्व, पारिवारिक सुख-समृद्धि तथा स्वस्थ समाज के निर्माण में जनभागीदारी की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रतिभागियों ने अपने परिवार, गांव और समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। लक्ष्य जीविका महिला विकास स्वावलंबी सहकारी समिति लिमिटेड, लखीसराय की बैठक में जीविका मित्र गुड़िया कुमारी ने स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं के आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तिकरण, आजीविका संवर्धन, वित्तीय समावेशन तथा उद्यमिता विकास पर प्रकाश डाला। उन्होंने जीविका द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं उनकी प्रगति की भी जानकारी दी।वहीं जिज्ञासा जीविका महिला विकास स्वावलंबी सहकारी समिति लिमिटेड, बड़हिया की बैठक में अध्यक्ष मनिता देवी ने कहा कि जीविका से जुड़कर महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन रही हैं, परिवार की आय बढ़ा रही हैं और सामाजिक परिवर्तन की मजबूत वाहक के रूप में उभर रही हैं।
जिला परियोजना प्रबंधक, जीविका लखीसराय, अनीता कुमारी ने बताया कि पंचायत विकास दिवस के अवसर पर जिले की सभी पंचायतों में जीविका दीदियों ने मद्य निषेध नीति के व्यापक प्रचार-प्रसार और उसके प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि जीविका महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता, सामुदायिक नेतृत्व और जनभागीदारी को मजबूत करने का प्रभावी मंच बन चुका है। कार्यक्रम के समापन पर पंचायतों के समग्र विकास, महिला सशक्तिकरण, सामाजिक समरसता तथा नशामुक्त एवं विकसित बिहार के निर्माण के लिए जीविका से जुड़े सभी सामुदायिक संगठनों ने सामूहिक संकल्प लिया।