लखीसराय : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के उत्तर-पूर्व उत्तर बिहार, पूर्व बिहार एवं झारखंड क्षेत्र के क्षेत्र प्रचारक रामनवमी प्रसाद शनिवार को दो दिवसीय प्रवास पर लखीसराय पहुंचे। प्रवास के दौरान उन्होंने संगठन के प्रमुख कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर शाखा सुदृढ़ीकरण, संगठन विस्तार और समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंच बढ़ाने की रणनीति पर विस्तृत चर्चा की।

शनिवार शाम आयोजित बैठक में क्षेत्र प्रचारक ने कार्यकर्ताओं से नियमित संपर्क, सेवा कार्यों और सामाजिक समरसता को संगठन की मजबूती का आधार बताते हुए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संघ का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग को जोड़ते हुए राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करना है और इसके लिए प्रत्येक स्वयंसेवक को अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करना चाहिए। रविवार सुबह केआरके मैदान स्थित केशव तरुण व्यवसाय शाखा में उन्होंने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए शाखा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि नियमित शाखा से अनुशासन, व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रभक्ति की भावना विकसित होती है। शाखा के माध्यम से स्वयंसेवकों में सेवा, समर्पण और संगठनात्मक कार्यों के प्रति प्रतिबद्धता बढ़ती है।

रामनवमी प्रसाद ने 29 जुलाई से 16 अगस्त तक चल रहे भगवा ध्वज एवं गुरु पूजन कार्यक्रम में अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम संघ की परंपरा, वैचारिक मूल्यों और संगठनात्मक संस्कारों को सुदृढ़ करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि समाज में संघ के बढ़ते प्रभाव और सेवा कार्यों को कमजोर करने के लिए विभिन्न दुर्जन शक्तियां सक्रिय हो सकती हैं। ऐसे समय में स्वयंसेवकों को सजग, संयमित और संगठित रहकर सकारात्मक कार्यों के माध्यम से समाज का विश्वास और अधिक मजबूत करना चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से समाजहित और राष्ट्रहित के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा संगठन की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर पूर्व बिहार सह प्रांत प्रचारक आशीष लोहानी, मुंगेर विभाग प्रचारक देवेंद्र कुमार, जिला प्रचारक मंतोष कुमार, मुंगेर विभाग शारीरिक शिक्षण प्रमुख मधुसूदन प्रसाद, विभाग व्यवस्था प्रमुख राजेश गुप्ता, सह जिला कार्यवाह प्रशांत कुमार, नगर संचालक डॉ. आर.बी. दास एवं सह नगर संचालक विक्रम प्रसाद सहित संघ के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।