नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प, जिले भर के स्वास्थ्य संस्थानों में चला जागरूकता अभियान

  • Post By Admin on Aug 02 2026
नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प, जिले भर के स्वास्थ्य संस्थानों में चला जागरूकता अभियान

लखीसराय : बिहार सरकार के निर्देश पर जिला स्वास्थ्य समिति, लखीसराय के तत्वावधान में जिले के सभी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों तथा प्रखंड स्तरीय स्वास्थ्य संस्थानों में नशा मुक्ति कार्यक्रम के तहत सामूहिक शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। इस अभियान का उद्देश्य आमजन में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाना और नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए जनसहभागिता को मजबूत करना था।

कार्यक्रम के दौरान चिकित्सा पदाधिकारी, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ), एएनएम, जीएनएम, आशा कार्यकर्ता, अन्य स्वास्थ्यकर्मी तथा बड़ी संख्या में उपस्थित नागरिकों ने सामूहिक रूप से नशामुक्त समाज बनाने का संकल्प लिया। प्रतिभागियों ने स्वयं किसी भी प्रकार के मादक पदार्थ का सेवन नहीं करने और अपने परिवार, मित्रों तथा समाज के अन्य लोगों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने की शपथ ली। स्वास्थ्य कर्मियों ने उपस्थित लोगों को नशे से होने वाली गंभीर बीमारियों, मानसिक और शारीरिक दुष्प्रभावों, पारिवारिक तनाव, सामाजिक विघटन तथा आर्थिक नुकसान के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नशामुक्त जीवन स्वस्थ, सुरक्षित और समृद्ध समाज की आधारशिला है तथा युवाओं को विशेष रूप से इस दिशा में जागरूक करने की आवश्यकता है।

सिविल सर्जन, लखीसराय ने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति की समस्या नहीं है, बल्कि यह पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ बिहार और स्वस्थ भारत के निर्माण के लिए प्रत्येक नागरिक का नशामुक्त रहना आवश्यक है। जिला स्वास्थ्य समिति भविष्य में भी नशा मुक्ति के प्रति व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाती रहेगी। जिला कार्यक्रम समन्वयक ने बताया कि जिले के सभी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों और प्रखंड स्तरीय स्वास्थ्य संस्थानों में कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। सभी स्वास्थ्य संस्थानों को निर्देश दिया गया है कि वे आमजन को नशा मुक्ति के प्रति लगातार जागरूक करें और इस अभियान को गांव-गांव तथा जन-जन तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।

जिला स्वास्थ्य समिति, लखीसराय ने नागरिकों से अपील की है कि वे नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाएं तथा अपने आसपास के लोगों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करें। समिति का कहना है कि सामूहिक प्रयासों से ही स्वस्थ, जागरूक और समृद्ध समाज का निर्माण संभव है।